टॉयलेट में डॉयपर, पॉलीथीन और... इस वजह से दिल्ली आ रही एयर इंडिया की फ्लाइट को लौटना पड़ा अमेरिका

एयर इंडिया के अनुसार, शिकागो से दिल्ली जाने वाली फ्लाइट को अमेरिका के शिकागो इसलिए वापस लौटने पड़ा, क्योंकि शौचालय में पॉलीथिन बैग, कपड़े और अन्य वस्तुएं फ्लश किए गए. जिसके बाद से ही फ्लाइट में बैठे यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ा. वहीं, एयर इंडिया ने यात्रियों से अपील करते हुए कहा कि वे शौचालयों का उपयोग केवल निर्धारित उद्देश्यों के लिए ही करें, ताकि इस तरह की समस्याओं से बचा जा सके.

Simran Sachdeva

एयर इंडिया की शिकागो से दिल्ली आ रही फ्लाइट को तकनीकी कारणों के चलते उड़ान के बीच से ही वापस लौटना पड़ा. विमान के कुल 12 शौचालयों में से 8 के ब्लॉक हो जाने के कारण ये फैसला लिया गया. एयरलाइन के अनुसार, कुछ यात्रियों द्वारा शौचालयों में पॉलीथिन बैग, कपड़े और अन्य वस्तुएं फ्लश करने के कारण वे जाम हो गए, जिससे यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ा.

एयर इंडिया ने बताया कि यूरोप के संभावित डायवर्जन पॉइंट्स पर रात में संचालन से जुड़ी पाबंदियों के कारण विमान को वापस शिकागो लौटने का फैसला लिया गया. इस फैसले की वजह से यात्रियों को करीब 10 घंटे की अतिरिक्त यात्रा करनी पड़ी.

टॉयलेट की खराबी बनी उड़ान बाधित होने की वजह

एयर इंडिया की फ्लाइट AI126, टेक-ऑफ के करीब एक घंटे 45 मिनट बाद ही तकनीकी समस्या का सामना करने लगी. विमान में कुल 12 शौचालय थे, जिनमें से 8 अचानक से अनुपयोगी हो गए. एयरलाइन प्रवक्ता ने बताया कि ये फैसला यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया. उस समय विमान अटलांटिक महासागर के ऊपर उड़ान भर रहा था और यूरोप के कुछ एयरपोर्ट्स पर रात में संचालन की सीमाओं के कारण फ्लाइट को वापस शिकागो भेजना पड़ा.

ग्रीनलैंड के ऊपर पहुंचते ही लिया गया फैसला

एक रिपोर्ट के अनुसार, फ्लाइट ने उड़ान भरने के करीब साढ़े चार घंटे बाद ग्रीनलैंड के ऊपर पहुंचकर वापस लौटने का फैसला लिया. इसके बाद, शिकागो लौटने में भी करीब उतना ही समय लगा, जिससे यात्रियों को लगभग 10 घंटे की परेशानी का सामना करना पड़ा.

एयर इंडिया ने की अपील

एयर इंडिया की जांच टीम ने पाया कि इस तरह की समस्याएं पहले भी सामने आई हैं. अन्य फ्लाइट्स में भी शौचालयों में कंबल, अंडरवियर और डायपर जैसी चीजें बहा दी गई, जिससे वे जाम हो गए. जिसके बाद अब एयर इंडिया ने यात्रियों से अपील करते हुए कहा कि वे शौचालयों का उपयोग केवल निर्धारित उद्देश्यों के लिए ही करें, ताकि इस तरह की समस्याओं से बचा जा सके.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag