भारत-EU ट्रेड डील से अमेरिका में बेचैनी, टैरिफ घटाने को मजबूर हुए ट्रंप
भारत और यूरोपीय संघ (EU) के बीच हुई ऐतिहासिक ट्रेड डील ने वैश्विक व्यापार समीकरणों में हलचल मचा दी है. कनाडाई ट्रेड एक्सपर्ट का दावा है कि इसी डील के दबाव में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को भारत के साथ अचानक नरम रुख अपनाना पड़ा और टैरिफ में बड़ी कटौती करनी पड़ी.
नई दिल्ली: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत के साथ ट्रेड डील का ऐलान करते हुए भारतीय सामानों पर टैरिफ 50 फीसदी से घटाकर 18 फीसदी कर दिया है. कनाडाई ट्रेड एनालिस्ट जैक्स शोर के मुताबिक, इस फैसले के पीछे भारत-यूरोपीय संघ की हालिया ट्रेड डील एक बड़ी वजह है. उनका कहना है कि भारत-EU समझौते के बाद अमेरिका को पीछे छूट जाने का डर सताने लगा था. यह डील करीब 2 अरब लोगों का विशाल बाजार तैयार करती है, जिसमें भारत और यूरोप दोनों शामिल हैं, जिसे नजरअंदाज करना अमेरिका के लिए मुश्किल था. विशेषज्ञ मानते हैं कि इसी दबाव में अमेरिका ने भारत से बातचीत तेज की. हाल ही में भारत और EU के बीच साइन हुई इस डील को ‘मदर ऑफ ऑल डील्स’ कहा जा रहा है. इसे अमेरिका के प्रभाव से हटकर उभरती वैश्विक व्यापार व्यवस्था का संकेत माना जा रहा है, जिसने ट्रंप प्रशासन को त्वरित फैसला लेने पर मजबूर किया.


