प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को नमो ऐप के जरिए 'मेरा बूथ सबसे मजबूत संवाद' कार्यक्रम के तहत असम के भाजपा कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद किया. उन्होंने आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए बूथ स्तर पर काम तेज करने का आह्वान किया और कहा कि असम में भाजपा-एनडीए को हैट्रिक दिलाने के लिए कार्यकर्ता पूरी मेहनत कर रहे हैं. प्रधानमंत्री ने कार्यकर्ताओं की प्रतिबद्धता की सराहना की और राज्य में गठबंधन की व्यापक लोकप्रियता का जिक्र करते हुए आगे और मजबूत अभियान के लिए उनके सुझाव मांगे.
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भाजपा के सत्ता में आने से पहले असम लंबे समय तक अस्थिरता की स्थिति में रहा था. पिछले दस वर्षों में विभिन्न क्षेत्रों में ठोस बदलाव आए हैं. उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि नए मतदाताओं को कांग्रेस शासन के दौरान की स्थिति याद दिलानी चाहिए. उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा, एक छोटी सी गलती भी असम को पीछे धकेलने की क्षमता रखती है, इसलिए सतत विकास के लिए शांति और स्थिरता अत्यंत आवश्यक है.
पीएम मोदी ने चुनावी मौसम में एआई से बने फर्जी वीडियो और मिसइनफॉर्मेशन को लेकर बूथ कार्यकर्ताओं को आगाह किया. उन्होंने कहा कि लोगों को इसकी जानकारी दें और लोकतंत्र की प्रक्रिया को बाधित न होने दें. प्रधानमंत्री ने पूर्व कांग्रेस सरकारों की आलोचना करते हुए कहा कि उन्होंने अलगाववादी संगठनों और छात्र संगठनों से समझौता करने में नाकाम रहे, जिससे क्षेत्र में लंबे समय तक अशांति बनी रही.
इससे पहले रविवार (29 मार्च) को भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने दावा किया कि असम में भाजपा तीसरी बार सरकार बनाकर हैट्रिक लगाएगी. मार्गेरिटा प्रत्याशी और मौजूदा भाजपा विधायक भास्कर शर्मा के समर्थन में चुनावी रैली को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा,"विधानसभा चुनावों के बाद भाजपा हैट्रिक बनाने जा रही है. हमने पहले सरबानंदा सोनोवाल के नेतृत्व में सरकार बनाई, उसके बाद हिमंता बिस्वा सरमा का कार्यकाल रहा. इस बार हम सरमा के नेतृत्व में अपनी तीसरी सरकार बनाएंगे.
असम की 126 सदस्यीय विधानसभा के लिए चुनाव 9 अप्रैल को होंगे और नतीजे 4 मई को घोषित किए जाएंगे. यह 2023 में हुए परिसीमन के बाद पहला विधानसभा चुनाव होगा. वर्तमान में भाजपा के पास 64 विधायक हैं, जबकि उसके सहयोगी एजीपी के 9, यूपीपीएल के 7 और बीपीएफ के 3 विधायक हैं. विपक्ष में कांग्रेस के 26, एआईयूडीएफ के 15 और सीपीआई(एम) का 1 विधायक है. एक निर्दलीय विधायक भी मौजूद है. First Updated : Monday, 30 March 2026