'महिलाओं का मसीहा बनना इतना आसान नहीं…', प्रियंका ने सरकार पर बोला हमला

कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने आरोप लगाया कि सरकार ने महिला आरक्षण बिल के जरिए सत्ता बचाने की साजिश रची है. उन्होंने कहा कि सरकार खुद को महिलाओं का मसीहा बताना चाहती थी, लेकिन यह चाल इतनी आसान नहीं है.

Goldi Rai
Edited By: Goldi Rai

महिला आरक्षण बिल के लोकसभा में गिरने के बाद देश की राजनीति गरमा गई है. सत्ता पक्ष विपक्ष पर महिला विरोधी होने का आरोप लगा रहा है, वहीं विपक्ष इसे सरकार की साजिश बता रहा है. कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने शनिवार को केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि कल जो कुछ हुआ, वह लोकतंत्र और संविधान की जीत है. उन्होंने स्पष्ट किया कि यह महिला आरक्षण बिल की नहीं, बल्कि परिसीमन की साजिश थी.

प्रियंका गांधी का सरकार पर हमला

शनिवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान प्रियंका गांधी ने कहा कि सत्ता में बने रहने के लिए सरकार ने साजिश रची. उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार खुद भी जानती थी कि यह बिल पास नहीं होगा. प्रियंका गांधी ने कहा, ये महिला बिल की नहीं बल्कि परिसीमन की बात थी, इनको अपनी मनमानी करने की पूरी आजादी मिल जाती. महिलाओं को गुमराह करने की कोशिश ना करें.

सरकार की साजिश का आरोप

प्रियंका गांधी ने आगे कहा कि सरकार ने एक साजिश के तहत बिल लाया. अगर बिल पास हो जाता तो मोदी सरकार देश की महिलाओं की मसीहा बन जाती और अगर पास नहीं होता तो विपक्ष को घर-घर जाकर महिलाओं का विरोधी बताया जाता. उन्होंने कहा, कल लोकतंत्र की एक बड़ी जीत हुई है. 

संविधान और विपक्ष की एकता की जीत

प्रियंका गांधी ने कहा कि यह संविधान की जीत है, देश की जीत है और विपक्ष की एकता की जीत है. उन्होंने कहा कि गृह मंत्री अमित शाह और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने भाषणों में साफ संकेत दिया कि अगर विपक्ष इस मुद्दे पर सहमत नहीं होगा तो न कभी चुनाव जीत पाएगा और न सत्ता में आ पाएगा. उन्होंने कहा, मेरा मानना है कि सरकार द्वारा जो साजिश रची गई, उसका उद्देश्य सत्ता हासिल करना है. इसके लिए सरकार ने महिलाओं का इस्तेमाल किया.

परिसीमन और जातिगत जनगणना का मुद्दा

प्रियंका गांधी ने आरोप लगाया कि सरकार महिला आरक्षण के नाम पर विपक्ष से बिल पास कराना चाहती थी ताकि उसे मनमाने ढंग से परिसीमन करने की आजादी मिल जाए और जातिगत जनगणना का सहारा न लेना पड़े. उन्होंने कहा कि मोदी सरकार का मानना था कि बिल पास होने पर उनकी जीत होगी और नहीं होने पर विपक्ष को महिला विरोधी ठहरा दिया जाएगा.

BJP का महिलाओं के प्रति इतिहास

प्रियंका गांधी ने कहा कि BJP का महिलाओं के संदर्भ में एक स्पष्ट इतिहास है. उन्होंने उन्नाव, हाथरस, महिला खिलाड़ियों और मणिपुर की घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि मोदी सरकार ने कभी इन पीड़ित महिलाओं की सुध नहीं ली और आज संसद में खुद को महिलाओं का मसीहा बताना चाहती है.

सीटों की संख्या फ्रीज रखने पर जोर

मीडिया के सवाल पर प्रियंका गांधी ने कहा कि इंदिरा गांधी और अटल बिहारी वाजपेयी ने परिसीमन किया लेकिन सीटों की संख्या फ्रीज रखी, जो देश की एकता और अखंडता के लिए जरूरी था. उन्होंने कहा कि सरकार सीटें बढ़ाकर छोटे और दक्षिण भारतीय राज्यों की ताकत कम करना चाहती है. उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस चाहती है कि मौजूदा सीटों की संख्या बनी रहे और उसी में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण दिया जाए. 

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो