बिहार बजट सत्र में हंगामा: व्हीलचेयर पर सदन पहुंचे तेजस्वी, NEET केस पर विपक्ष का बवाल, विधानसभा में आज होगा आर्थिक सर्वे पेश
बिहार विधानसभा का बजट सत्र आज 2 फरवरी से जोरदार अंदाज में शुरू हो गया है, जो 27 फरवरी तक चलेगा. शुरुआत होते ही सरकार और विपक्ष के बीच तीखी टक्कर देखने को मिली. आज आर्थिक सर्वेक्षण, जबकि कल 3 फरवरी को राज्य का पूरा बजट सदन में आएगा. विपक्ष NEET छात्रा रेप-मौत मामले समेत कई बड़े मुद्दों पर सरकार को जमकर घेरने की तैयारी में जुटा है.

बिहार की राजनीति में आज से नया सियासी रंगमंच सज गया है. नई एनडीए सरकार का पहला बजट सत्र 2 फरवरी से जोर-शोर से शुरू हो चुका है जो 27 फरवरी तक चलेगा. इस दौरान कुल 19 बैठकें होंगी लेकिन पहले दिन ही सदन में हंगामा और टकराव की आहट सुनाई दी. राज्यपाल के अभिभाषण के साथ शुरू हुआ यह सत्र विकास, रोजगार और कानून-व्यवस्था जैसे बड़े वादों से भरा हुआ लग रहा है जबकि विपक्ष ने तुरंत मोर्चा खोल दिया है.
सदन में पहले दिन आर्थिक सर्वेक्षण
आज पहले दिन सदन में आर्थिक सर्वेक्षण पेश किया जाएगा, जो राज्य की आर्थिक सेहत का आईना दिखाएगा. कल यानी 3 फरवरी को वित्त मंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव राज्य का बजट पेश करेंगे, जिसकी सबको बेसब्री से उम्मीद है. यह बजट नई सरकार के एजेंडे को रेखांकित करेगा और आने वाले दिनों में गहमागहमी बढ़ने वाली है.
तेजस्वी यादव का सदन में जोरदार प्रवेश
तेजस्वी यादव व्हीलचेयर पर बैठकर सदन की कार्यवाही में शामिल होने पहुंचे. उन्हें इस स्थिति में देखकर हर कोई हैरान रह गया. तेजस्वी ने अपनी चोट पर कहा कि ऐसी चीजें कभी-कभी हो जाती हैं. उनके व्हीलचेयर पर सदन पहुंचने का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें वे व्हीलचेयर पर बैठे हैं और उनके साथ चल रहे सदस्य और पुलिसकर्मी उनकी व्हीलचेयर को धक्का लगा रहे हैं.
#WATCH | Patna | Bihar Assembly LoP Tejashwi Yadav brought to the Legislative Assembly budget session on a wheelchair with a visible injury on his left toe.
— ANI (@ANI) February 2, 2026
He says, "The nail came off... These things happen sometimes..." pic.twitter.com/lVXp5D0pWC
NEET छात्रा मामले पर विपक्ष का प्रदर्शन
सदन की कार्यवाही शुरू होने से पहले ही विधानसभा परिसर का माहौल गरमा गया. पटना में हुई NEET छात्रा के साथ दुष्कर्म और उसकी मौत के मामले को लेकर विपक्षी विधायकों ने जोरदार प्रदर्शन किया. कांग्रेस विधायक कमरूल होदा हाथों में पोस्टर लेकर न्याय की मांग करते नजर आए. विपक्ष की मांग है कि इस गंभीर विषय को राज्यपाल के अभिभाषण में प्रमुखता से शामिल किया जाए.
राज्यपाल का भाषण और आर्थिक सर्वेक्षण
सत्र की औपचारिक शुरुआत सेंट्रल हॉल में राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान के संयुक्त अभिभाषण के साथ हुई. राज्यपाल के संबोधन के बाद सरकार द्वारा सदन के पटल पर आर्थिक सर्वेक्षण पेश किया जाएगा. इस सर्वे के जरिए राज्य की मौजूदा आर्थिक स्थिति और पिछले एक साल में हुए विकास कार्यों के आंकड़े सार्वजनिक किए जाएंगे.


