कौन है खुद को मोहम्मद दीपक बताने वाला लड़का? राहुल गांधी ने कहा देश का शेर, बजरंग दल ने दी जान से मारने की धमकी!

उत्तराखंड के कोटद्वार में एक दुकान के नाम को लेकर शुरू हुआ छोटा-सा विवाद अब पूरे देश की सुर्खियां बन गया है. जब बजरंग दल ने नाम के खिलाफ आक्रोश जताया और संग्राम छेड़ दिया, तो स्थानीय युवक दीपक ने खुद को 'मोहम्मद दीपक' बताकर मैदान में छलांग लगा दी और मामले को और बढ़ा दिया.

Goldi Rai
Edited By: Goldi Rai

उत्तराखंड के पौड़ी जिले में स्थित कोटद्वार शहर में एक मुस्लिम बुजुर्ग की दुकान 'बाबा ड्रेस' के नाम को लेकर उपजा विवाद अब पूरे देश में चर्चा का विषय बन गया है. इस घटना में स्थानीय युवक दीपक कुमार ने बुजुर्ग दुकानदार का समर्थन करते हुए बजरंग दल के कार्यकर्ताओं से अकेले लड़ा, जिसकी सराहना कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने की है. राहुल ने दीपक को 'देश का हीरो' बताते हुए सोशल मीडिया पर पोस्ट किया, जिसमें उन्होंने संविधान और मानवता की रक्षा की बात कही.

विवाद की शुरुआत गणतंत्र दिवस के दिन हुई, जब हिंदू संगठनों ने दुकान के नाम पर आपत्ति जताई. पुलिस ने इस मामले में सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वालों के खिलाफ तीन मुकदमे दर्ज किए हैं, जिसमें दीपक कुमार के खिलाफ भी एक केस शामिल है. घटना के बाद शहर में तनाव को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने फ्लैग मार्च निकाला.

पूरा विवाद क्या है? 

कोटद्वार के पटेल मार्ग पर स्थित 'बाबा ड्रेस' नाम की दुकान पर गणतंत्र दिवस के दिन विवाद शुरू हुआ. बजरंग दल और अन्य हिंदू संगठनों से जुड़े लोगों ने दुकानदार से नाम बदलने की मांग की. जब बात नहीं बनी, तो देहरादून और ऋषिकेश से कार्यकर्ताओं को बुलाया गया. शनिवार को मामला और भड़क उठा. हिंदू संगठनों का कहना है कि कोटद्वार में 'बाबा' शब्द सिर्फ सिद्धबली हनुमान जी के लिए इस्तेमाल होता है, इसलिए दूसरे धर्म के व्यक्ति द्वारा यह नाम रखना आपत्तिजनक है.

इस दौरान स्थानीय जिम ट्रेनर दीपक कुमार ने दुकानदार का साथ दिया. प्रदर्शनकारियों ने सड़क जाम की, नारेबाजी की और धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाले शब्दों का इस्तेमाल किया. पुलिस के मुताबिक, उन्होंने बैरियर हटाकर उग्र प्रदर्शन किया. गाली-गलौज की और सांप्रदायिक तनाव पैदा करने की कोशिश की. लगभग 30-40 अज्ञात व्यक्तियों ने पुलिस के साथ धक्का-मुक्की कर सरकारी कार्य में बाधा डाली.

बजरंग दल के आरोप

करीब दो-ढाई महीने पहले बजरंग दल ने दुकान के नाम पर आपत्ति जताई थी, क्योंकि इससे कोटद्वार के प्रसिद्ध हनुमान मंदिर 'सिद्धबली बाबा' का भ्रम होता है. दुकान मालिक ने कथित तौर पर नाम बदलने का वादा किया था, लेकिन 10-15 दिन पहले दुकान को 30-40 मीटर दूर शिफ्ट करने के बाद भी नाम नहीं बदला. बजरंग दल के कार्यकर्ताओं की दुकान मालिक शोएब और उसके जिम संचालक दोस्त दीपक कुमार से झड़प हुई. इस दौरान कुमार ने अपना नाम 'मोहम्मद दीपक' बताया और कार्यकर्ताओं को वहां से जाने पर मजबूर किया.

दीपक के खिलाफ मुकदमा 

पुलिस ने कोटद्वार निवासी कमल पाल की तहरीर पर जिम संचालक दीपक उर्फ अक्की, विजय रावत और उनके साथियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है. आरोप है कि उन्होंने गाली-गलौज की, जाति-सूचक शब्दों का इस्तेमाल किया और जान से मारने की नीयत से हमला किया. पुलिस ने कहा कि दोनों पक्षों के बीच विवाद को प्रशासन गंभीरता से ले रहा है और निष्पक्ष जांच कर रहा है. इसके अलावा, पुलिस की ओर से शांति भंग करने वाले 30-40 अज्ञात लोगों के खिलाफ एक मामला दर्ज किया गया है. दूसरा केस कोटद्वार निवासी वकील अहमद की तहरीर पर और तीसरा कमल प्रसाद की तहरीर पर दर्ज हुआ है.

दीपक को राहुल गांधी ने क्यों देश का हीरो बताया 

राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर लंबा पोस्ट लिखा है. पोस्ट की कुछ शुरुआती लाइन हैं- 'उत्तराखंड के दीपक भारत के हीरो हैं. दीपक कुमार संविधान की रक्षा और मानवता के मूल्यों के लिए डटकर मुकाबला कर रहे हैं. उसी संविधान की, जिसे बीजेपी और संघ परिवार लगातार कमजोर करने की कोशिश में जुटे हुए हैं. वे नफरत के बाजार में मोहब्बत की दुकान का जीवित प्रतीक हैं और यही बात सत्ता को सबसे ज्यादा चुभती है. पिछले काफी समय से कोटद्वार में बाबा ड्रेस नाम की दुकान को लेकर विवाद चल रहा था, जहां बजरंग दल के कार्यकर्ता दुकान मालिक मोहम्मद शोएब पर नाम बदलने का दबाव डाल रहे थे.

फ्लैग मार्च 

स्थानीय लोगों के अनुसार शनिवार को बजरंग दल के गौरक्षा दल के प्रांत प्रमुख नरेश उनियाल के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता प्रदर्शन के लिए पहुंचे थे. हालांकि पुलिस की सतर्कता से बड़ा संघर्ष टल गया. इसके बाद भारी पुलिस बल के साथ कोटद्वार में फ्लैग मार्च निकाला गया, ताकि सुरक्षा और शांति बनी रहे.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag