बिहार की राजनीति में आज से नया सियासी रंगमंच सज गया है. नई एनडीए सरकार का पहला बजट सत्र 2 फरवरी से जोर-शोर से शुरू हो चुका है जो 27 फरवरी तक चलेगा. इस दौरान कुल 19 बैठकें होंगी लेकिन पहले दिन ही सदन में हंगामा और टकराव की आहट सुनाई दी. राज्यपाल के अभिभाषण के साथ शुरू हुआ यह सत्र विकास, रोजगार और कानून-व्यवस्था जैसे बड़े वादों से भरा हुआ लग रहा है जबकि विपक्ष ने तुरंत मोर्चा खोल दिया है.
आज पहले दिन सदन में आर्थिक सर्वेक्षण पेश किया जाएगा, जो राज्य की आर्थिक सेहत का आईना दिखाएगा. कल यानी 3 फरवरी को वित्त मंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव राज्य का बजट पेश करेंगे, जिसकी सबको बेसब्री से उम्मीद है. यह बजट नई सरकार के एजेंडे को रेखांकित करेगा और आने वाले दिनों में गहमागहमी बढ़ने वाली है.
तेजस्वी यादव व्हीलचेयर पर बैठकर सदन की कार्यवाही में शामिल होने पहुंचे. उन्हें इस स्थिति में देखकर हर कोई हैरान रह गया. तेजस्वी ने अपनी चोट पर कहा कि ऐसी चीजें कभी-कभी हो जाती हैं. उनके व्हीलचेयर पर सदन पहुंचने का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें वे व्हीलचेयर पर बैठे हैं और उनके साथ चल रहे सदस्य और पुलिसकर्मी उनकी व्हीलचेयर को धक्का लगा रहे हैं.
सदन की कार्यवाही शुरू होने से पहले ही विधानसभा परिसर का माहौल गरमा गया. पटना में हुई NEET छात्रा के साथ दुष्कर्म और उसकी मौत के मामले को लेकर विपक्षी विधायकों ने जोरदार प्रदर्शन किया. कांग्रेस विधायक कमरूल होदा हाथों में पोस्टर लेकर न्याय की मांग करते नजर आए. विपक्ष की मांग है कि इस गंभीर विषय को राज्यपाल के अभिभाषण में प्रमुखता से शामिल किया जाए.
सत्र की औपचारिक शुरुआत सेंट्रल हॉल में राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान के संयुक्त अभिभाषण के साथ हुई. राज्यपाल के संबोधन के बाद सरकार द्वारा सदन के पटल पर आर्थिक सर्वेक्षण पेश किया जाएगा. इस सर्वे के जरिए राज्य की मौजूदा आर्थिक स्थिति और पिछले एक साल में हुए विकास कार्यों के आंकड़े सार्वजनिक किए जाएंगे. First Updated : Monday, 02 February 2026