CM नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार बनेंगे राज्यसभा सांसद! JDU ने बताया रामनाथ ठाकुर की जगह सदन में लेंगे एंट्री

बिहार की राजनीति गलियारों में एक खबर तेजी से फैल रही है कि सीएम नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार जल्द ही राज्यसभा सांसद बन सकते हैं. इस बात की पुष्टि JDU से जुड़े सूत्र ने की है.

Sonee Srivastav

पटना: बिहार की राजनीति में बड़ा बदलाव होने वाला है. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार जल्द ही राज्यसभा सांसद बन सकते हैं. जनता दल यूनाइटेड (JDU) से जुड़े सूत्रों ने इसकी पुष्टि की है.

सूत्रों के मुताबिक, निशांत कुमार रामनाथ ठाकुर की जगह उच्च सदन में एंट्री करेंगे. रामनाथ ठाकुर का कार्यकाल पूरा हो चुका है और इस बार पार्टी उन्हें दोबारा नहीं भेज रही.

राजनीति में निशांत की एंट्री तय

निशांत कुमार की सक्रिय राजनीति में आने की बात लंबे समय से चल रही थी. होली से ठीक पहले JDU के वरिष्ठ नेता और कैबिनेट मंत्री श्रवण कुमार ने इस पर मुहर लगाई. उन्होंने कहा कि निशांत की एंट्री बहुत जल्द होगी और यह सक्रिय राजनीति में होगी.

कई साल से पार्टी के युवा कार्यकर्ता और लाखों नौजवान उन्हें राजनीति में देखना चाहते थे. श्रवण कुमार ने कहा कि नौजवानों की इच्छा जल्द पूरी होगी और निशांत का उज्ज्वल भविष्य है.

बिहार में राज्यसभा की 5 सीटें

बिहार से राज्यसभा की 5 सीटों पर चुनाव होने हैं. इनमें से दो सीटें JDU के पास और दो बीजेपी के पास जाने की संभावना है. NDA गठबंधन सभी सीटों पर जीत की उम्मीद कर रहा है. रामनाथ ठाकुर JDU के वरिष्ठ नेता हैं.

वे जननायक कर्पूरी ठाकुर के बेटे हैं और पहले बिहार सरकार में कैबिनेट मंत्री रह चुके हैं. 2005 में नीतीश सरकार में गन्ना मंत्री भी बने थे. अब उनकी जगह निशांत को मौका मिल रहा है.

अन्य सीटों पर क्या स्थिति?

बिहार से जिनके कार्यकाल खत्म हो रहे हैं, उनमें JDU के रामनाथ ठाकुर और हरिवंश नारायण सिंह शामिल हैं. विपक्षी दल RJD ने भी चुनाव लड़ने का ऐलान किया है. RJD नेता तेजस्वी यादव ने उम्मीदवार उतारने की बात कही है. हालांकि RJD के पास विधानसभा में कम संख्या है, सिर्फ 25 विधायक हैं. महागठबंधन सहयोगियों के साथ भी उन्हें जरूरी संख्या नहीं मिल रही. पांचवीं सीट पर मुकाबला हो सकता है.

रामनाथ ठाकुर का राजनीतिक सफर

रामनाथ ठाकुर बिहार विधान परिषद सदस्य भी रह चुके हैं. वे अनुभवी नेता हैं और JDU में मजबूत पकड़ रखते हैं, पहले कयास थे कि वे तीसरी बार राज्यसभा जाएंगे, लेकिन अब पार्टी ने निशांत को चुना है. अगर निशांत राज्यसभा पहुंचते हैं, तो यह उनकी राजनीति में धमाकेदार शुरुआत होगी.

राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन 6 मार्च तक दाखिल होंगे. JDU दो सीटें बरकरार रखने की कोशिश में है. बीजेपी ने भी अपने उम्मीदवारों पर विचार कर लिया है. यह चुनाव बिहार की सियासत में नई हलचल लाएगा.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag