नई दिल्ली: पटना के एक गर्ल्स हॉस्टल में 17 साल की नीट छात्रा की लाश मिलने से हड़कंप मच गया। छात्रा का नाम श्रुति कुमारी बताया जा रहा है। वह समस्तीपुर जिले की रहने वाली थी। पुलिस के मुताबिक छात्रा का शव कमरे में फंदे से लटका मिला। शुरुआती तौर पर इसे आत्महत्या का मामला माना जा रहा है।
हॉस्टल मालिक आभा सिंह ने बताया कि सोमवार रात श्रुति ने खाना खाया और सोने चली गई थी। उस रात उसने कुछ दोस्तों से बात भी की थी। बातचीत के दौरान वह काफी परेशान थी और रो रही थी। दोस्तों ने बताया कि श्रुति ने कहा था कि उसके माता-पिता उससे बात नहीं करते। श्रुति शांत स्वभाव की थी। वह नीट की तैयारी के लिए हॉस्टल में रह रही थी। कोर्स पूरा होने के बाद वह गांव चली गई थी और करीब 10 दिन पहले ही वापस आई थी।
श्रुति की दोस्त अंशु ने बताया कि मंगलवार सुबह से श्रुति दिखाई नहीं दे रही थी। उसका दरवाजा खटखटाने पर कोई जवाब नहीं मिला। धक्का देने पर दरवाजा खुल गया और अंदर श्रुति फंदे से लटकी मिली। अंशु के मुताबिक रात में श्रुति बेहद परेशान थी और रोते हुए उनके पास आई थी। दोस्तों ने उसे समझाया भी था।
परिवार के मुताबिक श्रुति की मां शिक्षिका हैं और पिता किसान हैं। कुछ रिश्तेदारों का कहना है कि एक लड़का पिछले कुछ दिनों से श्रुति को परेशान कर रहा था। हालांकि श्रुति ने इस बारे में कभी किसी को कुछ नहीं बताया था।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि श्रुति 2024 से इस हॉस्टल में रह रही थी। यह हॉस्टल पत्रकार नगर थाना क्षेत्र के सचिवालय कॉलोनी रोड नंबर 2A/26 में है।
गौरतलब है कि इस साल जनवरी में भी पटना के चित्रगुप्त नगर स्थित शंभू गर्ल्स हॉस्टल में एक नीट छात्रा बेहोश मिली थी। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई थी। मामले में काफी हंगामा हुआ था। 09 जनवरी 2026 को पुलिस ने पीड़िता के पिता के बयान पर केस दर्ज किया था।
पिता ने बेटी के शरीर पर चोट के निशान होने और गलत हरकत की आशंका जताई थी। मृतका के नाबालिग होने की वजह से केस पॉक्सो कोर्ट को सौंपा गया था। बाद में बिहार सरकार की सिफारिश पर जांच सीबीआई को दे दी गई। सीबीआई आरसी 07/2026 के तहत जांच कर रही है। First Updated : Tuesday, 02 June 2026