पटना: हाथी-ऊंट से हुआ निशांत का स्वागत, JDU कार्यालय के बाहर बैंड-बाजा के साथ नाचते दिखे कार्यकर्ता

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार आज औपचारिक रूप से जदयू में शामिल होंगे. पटना में पार्टी कार्यालय के बाहर कार्यकर्ताओं में उत्साह दिखा. कई समर्थकों ने उन्हें भविष्य का नेता बताते हुए मुख्यमंत्री बनाने की मांग भी उठाई.

Shraddha Mishra

पटना: बिहार की राजनीति में आज एक नया अध्याय जुड़ गया है. लंबे समय से चर्चा में रहे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार ने अब औपचारिक रूप से राजनीति में कदम रख लिया हैं. आज वे जनता दल (यूनाइटेड) यानी जदयू की सदस्यता ग्रहण कर ली है. उनके पार्टी में शामिल होने को लेकर कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है. हालांकि पार्टी में उन्हें कौन-सी जिम्मेदारी दी जाएगी, इस बारे में अभी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है, लेकिन समर्थकों के बीच इसे बिहार की राजनीति के लिए महत्वपूर्ण घटना माना जा रहा है.

पटना स्थित जदयू मुख्यालय के बाहर सुबह से ही बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता इकट्ठा होने लगे. निशांत कुमार के स्वागत को लेकर कार्यकर्ताओं में खासा जोश देखा गया. पार्टी कार्यालय के आसपास उत्सव जैसा माहौल बना हुआ है. कार्यकर्ता बैंड-बाजे के साथ नाचते-गाते नजर आए. कई लोग ढोल की थाप पर झूमते दिखाई दिए. पूरे इलाके में जदयू और नीतीश कुमार के समर्थन में नारे लगाए जा रहे थे. इसके अलावा पार्टी कार्यालय के बाहर हाथी और ऊंट भी सजाकर खड़े किए गए थे, जो स्वागत समारोह का आकर्षण बने रहे. इससे माहौल और भी रंगीन हो गया.

पोस्टरों में ‘पार्टी का भविष्य’ बताए गए निशांत

निशांत कुमार के स्वागत में जदयू कार्यकर्ताओं ने कई पोस्टर और बैनर भी लगाए हैं. इन पोस्टरों में उन्हें पार्टी का भविष्य बताया गया है. कुछ पोस्टरों में बिहार के विकास की नई उम्मीद के रूप में भी उनकी तस्वीर दिखाई गई है. कार्यकर्ताओं का मानना है कि निशांत कुमार के राजनीति में आने से पार्टी को नई ऊर्जा मिलेगी. कई समर्थक उन्हें जदयू की अगली पीढ़ी का नेता मान रहे हैं और उम्मीद कर रहे हैं कि वे पार्टी को आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभाएंगे.

कार्यकर्ताओं ने जताई बड़ी उम्मीदें

निशांत कुमार के पार्टी में शामिल होने को लेकर कार्यकर्ताओं की उम्मीदें काफी बड़ी हैं. एक कार्यकर्ता ने मीडिया से बातचीत में कहा कि आज का दिन ऐतिहासिक है और इससे बिहार की राजनीति में एक नई दिशा तय हो सकती है. उन्होंने कहा कि जदयू कार्यकर्ता चाहते हैं कि निशांत कुमार भविष्य में बिहार की जिम्मेदारी संभालें. उनका मानना है कि जिस तरह नीतीश कुमार ने राज्य को विकास के रास्ते पर आगे बढ़ाया है, उसी तरह निशांत भी आगे चलकर इस काम को जारी रख सकते हैं.

मुख्यमंत्री बनने की भी उठी मांग

कुछ कार्यकर्ताओं ने यह भी कहा कि वे चाहते हैं कि निशांत कुमार को सिर्फ पार्टी में शामिल ही न किया जाए, बल्कि भविष्य में उन्हें मुख्यमंत्री के रूप में देखा जाए. जब उनसे पूछा गया कि क्या उन्हें उपमुख्यमंत्री बनाया जा सकता है, तो एक कार्यकर्ता ने कहा कि वे इससे संतुष्ट नहीं होंगे. उनके अनुसार, कार्यकर्ताओं की इच्छा है कि निशांत कुमार ही राज्य की कमान संभालें.

‘नए दौर की शुरुआत’ मान रहे समर्थक

कई समर्थकों का मानना है कि निशांत कुमार का राजनीति में आना बिहार में एक नए दौर की शुरुआत हो सकता है. कुछ कार्यकर्ताओं ने कहा कि वे इस बात को लेकर चिंतित थे कि भविष्य में जदयू का नेतृत्व कौन करेगा, लेकिन अब उन्हें उम्मीद दिखाई दे रही है. उनका कहना है कि जिस तरह नीतीश कुमार ने लंबे समय तक राज्य का नेतृत्व किया है, उसी तरह आने वाले समय में निशांत कुमार भी पार्टी और राज्य दोनों को आगे ले जाने में भूमिका निभा सकते हैं.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag