पीएम किसान 22वीं किस्त की तारीख आ गई, इस दिन खाते में आएंगे ₹2000, यहां चेक करें डिटेल

देशभर के करोड़ों किसान पीएम किसान सम्मान निधि की 22वीं किस्त का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं. कई हफ्तों से किसान ₹2000 की अगली किस्त का इंतजार कर रहे हैं.

Goldi Rai
Edited By: Goldi Rai

देशभर में करोड़ों किसान प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 22वीं किस्त का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं. पिछले कई हफ्तों से किसान 2000 रुपये की इस अगली किस्त की राह देख रहे हैं, लेकिन अभी तक इसे जारी नहीं किया गया है. पहले यह खबरें आई थीं कि फरवरी के अंत तक यह राशि जारी हो सकती है, उसके बाद होली से पहले किसानों के खातों में पैसे ट्रांसफर होने की बात कही गई, लेकिन अब फरवरी समाप्त हो चुका है और होली भी बीत गई, फिर भी किस्त नहीं आई है.

पीएम-किसान योजना के अंतर्गत केंद्र सरकार छोटे और सीमांत किसानों को सालाना 6000 रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान करती है. यह रकम तीन समान किस्तों में वितरित की जाती है, जिसमें प्रत्येक किस्त 2000 रुपये की होती है. यह धनराशि डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर के माध्यम से सीधे किसानों के बैंक खातों में भेजी जाती है, जिससे किसी भी बिचौलिए की कोई भूमिका नहीं रहती.

इस तारीख को जारी हो सकती है किस्त

खबरों के अनुसार, अब 22वीं किस्त को लेकर 13 मार्च चर्चा में है. कहा जा रहा है कि उस दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी असम के दौरे पर होंगे और इसी दौरान किसानों के लिए किस्त जारी करने की घोषणा की जा सकती है. हालांकि, सरकार की ओर से अभी तक इसकी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, इसलिए किसानों को थोड़ा और इंतजार करना पड़ सकता है.

ई-केवाईसी प्रक्रिया है अनिवार्य

कुछ किसानों को इस बार किस्त प्राप्त करने में दिक्कत का सामना करना पड़ सकता है. जिन किसानों ने अभी तक ई-केवाईसी प्रक्रिया पूरी नहीं की है या अपनी किसान आईडी को पोर्टल से लिंक नहीं किया है, उन्हें अगली किस्त नहीं मिल सकेगी. इसके अलावा, जिन परिवारों में पति-पत्नी या बच्चों में से कोई सरकारी नौकरी करता है, इनकम टैक्स भरता है या सरकार से 10,000 रुपये या उससे अधिक पेंशन प्राप्त करता है, उन्हें इस योजना का लाभ नहीं मिलता.

किसानों के लिए जरूरी सलाह

इसलिए किसानों को सुझाव दिया जा रहा है कि वे शीघ्र अपनी ई-केवाईसी पूरी कर लें, भूमि रिकॉर्ड की जांच करें और पीएम-किसान की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपनी पात्रता की जांच करें. सरकार हर किस्त जारी करने से पहले लाभार्थियों की सूची को अपडेट करती है, इसलिए सभी जानकारी सही और अद्यतन होना आवश्यक है. यदि कोई किसान यह जानना चाहता है कि उसका नाम लाभार्थियों की सूची में शामिल है या नहीं, तो वह पीएम-किसान की आधिकारिक वेबसाइट पर बेनिफिशियरी लिस्ट सेक्शन में अपने राज्य, जिला, ब्लॉक और गांव की डिटेल्स भरकर सूची देख सकता है. इसके अतिरिक्त, किसान 'किसान ईमित्र' चैटबॉट की सहायता से भी योजना संबंधी जानकारी आसानी से प्राप्त कर सकते हैं.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag