पटना: बिहार की राजनीति में अपने अलग और सक्रिय अंदाज के लिए पहचान रखने वाले सारण सांसद राजीव प्रताप रूडी एक बार फिर सुर्खियों में आ गए हैं. इस बार उन्होंने सोनपुर में गंगा किनारे चल रहे बोल्डर पिचिंग कार्य का निरीक्षण करते हुए ऐसा अंदाज दिखाया, जिसने वहां मौजूद लोगों को हैरान कर दिया.
निरीक्षण के दौरान सांसद रूडी खुद पोकलेन मशीन पर सवार हो गए और मशीन चलाकर कार्य की गुणवत्ता को परखा. अधिकारियों और स्थानीय लोगों ने उन्हें इतने आत्मविश्वास और कुशलता के साथ मशीन चलाते देखा तो हर कोई उनका यह अंदाज देखता रह गया. सोशल मीडिया पर भी उनका यह वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है.
सोनपुर में गंगा किनारे हो रहे बोल्डर पिचिंग कार्य का जायजा लेने पहुंचे राजीव प्रताप रूडी ने सिर्फ निरीक्षण तक खुद को सीमित नहीं रखा. उन्होंने पोकलेन मशीन चलाकर काम को करीब से समझने और उसकी गुणवत्ता जांचने की कोशिश की. सांसद का यह जमीनी अंदाज लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है.
राजीव प्रताप रूडी इससे पहले भी कई बार अपने अनोखे अंदाज को लेकर सुर्खियों में रह चुके हैं. कभी वे विमान उड़ाते नजर आए, तो कभी रेल इंजन संभालते दिखे. अब बुलडोजर जैसी भारी मशीन चलाकर उन्होंने अपने 'ऑल राउंडर' व्यक्तित्व की एक और झलक दिखाई है.
सांसद रूडी का पोकलेन मशीन चलाते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से शेयर किया जा रहा है. लोग उनके इस अंदाज की जमकर चर्चा कर रहे हैं. आम लोगों के बीच यह बात खास चर्चा में है कि एक सांसद होकर भी वे तकनीकी और जमीनी कार्यों में इतनी रुचि रखते हैं.
कुछ महीने पहले राजीव प्रताप रूडी ने सारण में पैशन फ्रूट की खेती को बढ़ावा देने की पहल की थी. बताया गया कि दिल्ली और मुंबई जैसे शहरों में महंगे दामों पर बिकने वाले इस फल की खेती बिहार में कर किसानों की आय बढ़ाने की कोशिश की जा रही है.
राजनीति के अलावा एविएशन क्षेत्र में भी राजीव प्रताप रूडी की अलग पहचान है. वे एक लाइसेंस प्राप्त कमर्शियल पायलट हैं. हाल ही में उन्होंने सुखोई-30 MKI फाइटर जेट में उड़ान भरकर भी सुर्खियां बटोरी थीं. इसके अलावा खराब मौसम के दौरान पटना जा रही फ्लाइट को सुरक्षित लखनऊ उतारने को लेकर भी उनकी काफी चर्चा हुई थी. First Updated : Wednesday, 27 May 2026