तेज प्रताप यादव का बड़ा वादा: महुआ में कराएंगे भारत-पाक क्रिकेट मैच, RJD पर साधा निशाना
पटना में जनशक्ति जनता दल के मुखिया तेज प्रताप यादव ने एक बार फिर अपने बयान से सियासी गलियारों में हलचल मचा दी है. उन्होंने ऐलान किया कि मधुबनी के महुआ में जल्द ही एक शानदार क्रिकेट स्टेडियम बनेगा. इतना ही नहीं, आगे कहा कि वह यह सुनिश्चित करेंगे कि इस स्टेडियम में भारत और पाकिस्तान के बीच रोमांचक क्रिकेट मुकाबला हो.
बिहार चुनाव 2025: चुनाव से पहले तेज प्रताप यादव ने महुआ को क्रिकेट का केंद्र बनाने का बड़ा वादा किया है. जनशक्ति जनता दल (जेजेडी) के नेता और लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप ने मीडिया से बातचीत में कहा कि महुआ में एक क्रिकेट स्टेडियम बनेगा और यहां भारत-पाकिस्तान के बीच मैच भी आयोजित किए जाएंगे. उन्होंने आगे कहा कि महुआ में मेरा कोई मुकाबला नहीं है. जेपी लोहिया, कर्पूरी ठाकुर और लालू प्रसाद यादव जैसे नेता 'जननायक' हैं. तेज प्रताप ने अपने छोटे भाई तेजस्वी यादव पर भी हमला बोलते हुए कहा कि वह जननायक नहीं हो सकते क्योंकि वह सिर्फ अपने पिता की बदौलत इस पद तक पहुंचे हैं. तेज प्रताप ने स्पष्ट किया कि वह अब राष्ट्रीय जनता दल (राजद) का हिस्सा नहीं हैं और किसी राजनीतिक पद की लालसा नहीं रखते. अगर राजद मुझे कुछ भी ऑफर करे, तो मैं उसे ठुकरा दूंगा. मैं कभी किसी के साथ गठबंधन नहीं करूंगा.


