मंच पर भाषण के दौरान केंद्रीय मंत्री जीतनराम मांझी पर हुआ हमला, फेंके गए पत्थर, आरोपी गिरफ्तार

शुक्रवार शाम खिजरसराय में आयोजित एक प्राइवेट स्कूल के कार्यक्रम में जब केंद्रीय मंत्री मंच पर भाषण दे रहे थे तो उसी समय कुछ अज्ञात लोगों ने उन पर पत्थर फेंकना शुरू कर दिए.

Yashika Jandwani

पटना: बिहार के गया जिले से एक चौंकानी वाली खबर सामने आई है. बता दें, बिहार के केंद्रीय मंत्री और हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा (HAM) के प्रमुख जीतनराम मांझी पर एक कार्यक्रम के दौरान हमला करने की कोशिश की गई. जानकारी के अनुसार, शुक्रवार शाम खिजरसराय में आयोजित एक प्राइवेट स्कूल के कार्यक्रम में जब केंद्रीय मंत्री मंच पर भाषण दे रहे थे तो उसी समय कुछ अज्ञात लोगों ने उन पर पत्थर फेंकना शुरू कर दिए. हालांकि, गनीमत रही कि पत्थर मंत्री के बेहद करीब गिरने के बावजूद उन्हें कोई चोट नहीं पहुंची और वह बाल-बाल बच गए. वहीं मौके पर जैसी ही ये घटना घटी तो कार्यक्रम के दौरान अफरा-तफरी मच गई. 

सुरक्षा कर्मियों ने संभाली स्थिति 

घटना के तुरंत बाद मौके पर मौजूद सुरक्षा कर्मियों और स्थानीय पुलिस ने स्थिति को संभाला. वहीं अब इस मामले में पुलिस ने दो नाबालिग लड़कों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है. हालांकि अब तक पत्थरबाजी के पीछे की स्पष्ट वजह सामने नहीं आ पाई है.  प्रशासन का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि घटना किसी साजिश का हिस्सा थी या मामला कुछ और ही है. 

क्या सुरक्षा में हुई चूक 

बता दें, हमले की कोशिश के बाद प्रशासनिक और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और सूचना मिलते ही आसपास के कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई और सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई. हालांकि इस घटना को केंद्रीय मंत्री की सुरक्षा में बड़ी चूक माना जा रहा है. वहीं घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए जीतनराम मांझी ने कहा कि उन्होंने पत्थर आते हुए नहीं देखा, लेकिन कुछ लोग विकास और अच्छे काम को बाधित करना चाहते हैं. उन्होंने कहा कि ऐसे लोग माहौल खराब करने की कोशिश कर रहे हैं. 

पहले भी हो चुका हमला 

जानकारी के अनुसार, हाल के दिनों में मांझी और उनके परिवार को लगातार निशाना बनाया जा रहा है. कुछ दिन पहले उनकी समधन और हम विधायक ज्योति मांझी के साथ भी कथित दुर्व्यवहार और हमला हुआ था. वहीं, सोशल मीडिया पर धमकी देने वाले एक आरोपी को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है. लेकिन हमले और धमकी के पीछे की आखिर क्या वजह है. इसे लेकर पुलिस द्वारा जांच जारी है. 

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो