बिहार से नितिन नवीन और बंगाल से राहुल सिन्हा...BJP ने चुनाव से पहले 9 उम्मीदवारों की जारी की लिस्ट
राज्यसभा चुनाव के लिए BJP ने 9 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है. इसमें नितिन नवीन और राहुल सिन्हा का नाम भी शामिल है.

नई दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने राज्यसभा चुनावों के लिए बड़ा फैसला लिया है. पार्टी ने 9 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की है. इसमें भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन बिहार से राज्यसभा जाएंगे.
उनकी जीत लगभग तय मानी जा रही है. इस सूची में पश्चिम बंगाल से पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राहुल सिन्हा का नाम भी शामिल है. यह फैसला बंगाल में पार्टी की चुनावी रणनीति का हिस्सा लगता है.
नितिन नवीन की राज्यसभा एंट्री
नितिन नवीन बिहार के पटना की बांकीपुर विधानसभा से विधायक हैं. वे पहले बिहार सरकार में मंत्री रह चुके हैं. राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद उन्होंने विधानसभा छोड़कर राज्यसभा का रास्ता चुना है. बिहार से पार्टी ने उन्हें और दलित नेता शिवेश कुमार को उम्मीदवार बनाया है. शिवेश कुमार बिहार भाजपा के महामंत्री हैं. बता दें, नामांकन 5 मार्च को होगा.
पश्चिम बंगाल पर फोकस
पश्चिम बंगाल से राहुल सिन्हा को टिकट दिया गया है. राहुल सिन्हा पार्टी के पुराने और अनुभवी नेता हैं. उन्होंने मुश्किल समय में बंगाल में संगठन मजबूत किया है. वे कायस्थ समाज से हैं, जिसकी बंगाल में अच्छी संख्या है.
यह समाज ज्यादातर टीएमसी को वोट देता रहा है. भाजपा उन्हें लुभाने की कोशिश में है. अप्रैल-मई 2026 में बंगाल विधानसभा चुनाव होने हैं. राहुल सिन्हा को राज्यसभा भेजना पार्टी का बड़ा दांव माना जा रहा है.
अन्य उम्मीदवारों की लिस्ट
भाजपा ने 6 राज्यों से कुल 9 नाम घोषित किए हैं:
- असम: तेराश गोवाला और जोगेन मोहन (पथ निर्माण मंत्री और विधायक)
- छत्तीसगढ़: लक्ष्मी वर्मा
- हरियाणा: संजय भाटिया (पूर्व लोकसभा सांसद)
- ओडिशा: मनमोहन सामल (मौजूदा प्रदेश अध्यक्ष) और सुजीत कुमार
-
बिहार में राजनीतिक हलचल
बिहार में राज्यसभा की 5 सीटों पर चुनाव हैं. NDA के पास 4 सीटें आसानी से जीतने का बहुमत है. पांचवीं सीट पर NDA ने उपेंद्र कुशवाहा को संयुक्त उम्मीदवार बनाया है.
इससे मुकाबला रोचक हो गया है. दूसरी ओर JDU ने नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार को राजनीति में उतारा है. यह बिहार की सियासत में नई हलचल ला सकता है.


