Bus Accident: महाराष्ट्र में भीषण हादसा, डिवाइडर से टकराकर बस में लगी आग, जिंदा जल गए 26 यात्री

Bus Accident: महाराष्ट्र के नागपुर से पुणे जा रही एक बस में समृद्धि महामार्ग एक्सप्रेसवे पर बुलढाणा में आग लग गई जिससे 26 लोगों की जलकर मौत हो गई। घटना शुक्रवार-शनिवार दरम्यानी रात करीब दो बजे की है।

Dheeraj Dwivedi
Dheeraj Dwivedi

Bus Accident: शनिवार रात महाराष्ट्र में भीषण हादसा हो गया। यहां बुलढाणा में नागपुर से पुणे जा रही एक बस हादसे का शिकार हो गई। जानकारी के अनुसार, जब बस समृद्धि एक्सप्रेसवे पर बुलढाणा के पास थी, तभी बस पलट गई और इसके बाद उसमें भीषण आग लग गई। बुलढाणा पुलिस के डिप्टी SP बाबूराव महामुनि के अनुसार, बस में कुल 33 यात्री सवार थे। जिनमें से 26 लोगों की जलकर मौत हो गई। वहीं अन्य लोगों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

बुलढाणा पुलिस के डिप्टी SP बाबूराव महामुनि ने इस हादसे के बारे में जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि यह घटना शुक्रवार-शनिवार की दरम्यानी  रात करीब 1:35 बजे के आसपास की है। बस से 26 शव निकाले जा चुके हैं। बस में कुल 33 लोग सवार थे। छह से आठ लोग गंभीर रूप से घायल हैं। फिलहाल हादसे के सही कारणों का पता नहीं चल पाया है। घायलों को उपचार के लिए बुलढाणा के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया जा रहा है।

वहीं इस बीच बुलढाणा SP सुनील कड़ासने ने बताया कि, "बस में कुल 33 लोग सवार थे, जिनमें से 26 लोगों की जलकर मौत हो गई और अन्य 8 लोग घायल हो गए हैं। मृतकों में तीन बच्चे भी शामिल हैं। बस का ड्राइवर भी बच गया और उसने कहा कि टायर फटने के बाद बस पलट गई, जिससे बस में आग लग गई।"

रिपोर्ट्स के अनुसार, प्रत्यक्षदर्क्षियों ने बताया कि बस पहले नागपुर से औरंगाबाद की तरफ जाने वाले रास्ते पर दाहिनी ओर एक लोहे के खंभे से टकरा गई। जिसके बाद ड्राइवर ने बस का संतुलन खो दिया। इस दौरान बस रोड के बीच में बने कंक्रीट के डिवाइडर से टकराकर पलट गई।

प्रत्यक्षदर्शियों ने यह भी बताया कि बस बायीं ओर पलटी, जिससे बस का दरवाजा नीचे आ गया। ऐसे में बस में सवार लोग बाहन से नहीं निकल सके। बताया यह भी जा रहा है कि हादसे के दौरान बस से बड़ी मात्रा में डीजल सड़क पर फैल गया। डीजल फैलने की वजह से ही बस में आग लग गई।

पीएम मोदी ने जाहिर किया दुःख -

महाराष्ट्र के बुलढाणा में हुई बस दुर्घटना से बहुत दुखी हूं। मेरी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं उन लोगों के परिवारों के साथ हैं जिन्होंने अपनी जान गंवाई। घायल शीघ्र स्वस्थ हों। स्थानीय प्रशासन प्रभावितों को हर संभव सहायता प्रदान कर रहा है। बस दुर्घटना में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों को 2 लाख रुपए और घायलों को 50,000  रुपए PMNRF से दिए जाएंगे।

मुख्यमंत्री ने किया मुआवजे का ऐलान -

इस भीषण हादसे पर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने दुख जताया है। मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने हादसे पर दुख व्यक्त करते हुए, दुर्घटना में मरने वालों के लिए पांच लाख रुपये के मुआवजे का ऐलान किया है।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने जताया दुःख -

महाराष्ट्र के बुलढाणा जिले में हुआ सड़क हादसा हृदयविदारक है। दुःख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं इस भीषण हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों के साथ हैं। ईश्वर से उनके शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।

calender
01 July 2023, 08:34 AM IST

जरुरी ख़बरें

ट्रेंडिंग गैलरी

ट्रेंडिंग वीडियो