जम्मू कश्मीर के उधमपुर में खाई में गिरी बस, 15 की मौत, कई घायल, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जिले में एक यात्री बस अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी. इस भीषण हादसे में 15 यात्रियों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए.

Goldi Rai
Edited By: Goldi Rai

जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जिले में एक यात्री बस खाई में गिरने से भीषण हादसा हो गया है. इस दुर्घटना में 15 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कई यात्री घायल हैं और कुछ की हालत गंभीर बनी हुई है. रामनगर से उधमपुर जा रही बस रामनगर के पास कनोते गांव से गुजरते समय एक तीखे मोड़ पर अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई. यह हादसा सुबह करीब 10 बजे हुआ, जिसके बाद बचाव अभियान तेजी से चलाया जा रहा है.

उधमपुर बस हादसा में इतने लोगों की हई मौतें

जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जिले में रामनगर से उधमपुर की ओर जा रही एक यात्री बस ऊंची पहाड़ी वाले रोड पर संकरे मोड़ के पास नियंत्रण खो बैठी. बस बुरी तरह खाई में गिर गई, जिससे 15 यात्रियों की मौत हो गई. घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया है, जहां कई की हालत नाजुक बताई जा रही है.

एलजी मनोज सिन्हा ने जताया दुख

इस घटना को लेकर जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने गहरा दुख व्यक्त किया है. उन्होंने कहा कि यह हादसा बेहद दुखद और दिल तोड़ने वाला है. मेरी संवेदनाएं मृतकों के साथ हैं. मैं पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं. इसके अलावा घायलों के जल्द स्वस्थ होने की भी कामना है.

केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह का बयान

केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने एक्स पर पोस्ट कर हादसे की जानकारी दी. उन्होंने लिखा कि मेरी उधमपुर के डिप्टी कमिश्नर मिंगा शेरपा से बात हुई है. उनका कहना है कि रेस्क्यू ऑपरेशन समय रहते शुरू हो गया था और घायलों को उचित इलाज दिया जा रहा है. उन्होंने कहा कि इस घटना के बारे में मुझे कुछ समय पहले ही जानकारी मिली थी और मैंने तुरंत उधमपुर के डिप्टी कमिश्नर से बात की.  केंद्रीय मंत्री का कहना है कि गंभीर रूप से घायल लोगों को इलाज के लिए एयरलिफ्ट भी किया जा सकता है. ऐसा इसलिए ताकि जम्मू-कश्मीर के बाहर भी बड़े अस्पतालों में इलाज कराया जा सके.

मृतकों का आंकड़ा बढ़ने का खतरा

हादसे की तस्वीरों में बस बुरी तरह क्षतिग्रस्त नजर आ रही है और उसकी बॉडी पूरी तरह पिचकी हुई है. जितेंद्र सिंह ने बताया कि उन्होंने स्थानीय भाजपा कार्यकर्ताओं को भी मदद के लिए भेजा है. उन्होंने लिखा कि भाजपा नेता राजिंदर शर्मा के नेतृत्व में लोग पहुंचे हैं. उन्होंने कहा कि में स्थानीय प्रशासन के भी लगातार संपर्क में हूं ताकि घायलों को इलाज में किसी तरह की देरी ना हो.  मृतकों की संख्या बढ़ने का डर है क्योंकि ज्यादातर घायलों की हालत गंभीर है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो