अरुण कुमार पांडेय बने छत्तीसगढ़ के नए PCCF, सरकार ने सौंपी वन बल प्रमुख की जिम्मेदारी

छत्तीसगढ़ सरकार ने भारतीय वन सेवा (IFS) के वरिष्ठ अधिकारी अरुण कुमार पांडेय को राज्य का नया प्रधान मुख्य वन संरक्षक (PCCF) और वन बल प्रमुख नियुक्त किया है.

Yashika Jandwani

रायपुर: छत्तीसगढ़ सरकार ने भारतीय वन सेवा (IFS) के वरिष्ठ अधिकारी अरुण कुमार पांडेय को राज्य का नया प्रधान मुख्य वन संरक्षक (PCCF) और वन बल प्रमुख नियुक्त किया है. बता दें, सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से इस संबंध में आधिकारिक आदेश जारी कर दिए गए हैं. इसके साथ ही वह वर्तमान PCCF व्ही. श्रीनिवासन राव का स्थान लेंगे, जो 31 मई को रिटायर होने जा रहे हैं.

किसे सौंपी गई जिम्मेदारी 

नए वन बल प्रमुख की नियुक्ति के लिए सरकार ने विभागीय पदोन्नति समिति (DPC) की बैठक आयोजित की थी. बैठक में कई वरिष्ठ अधिकारियों के नामों पर विचार किया गया लेकिन लंबे प्रशासनिक अनुभव और वन प्रबंधन में उनकी कार्यशैली को देखते हुए अरुण कुमार पांडेय के नाम पर अंतिम मुहर लगाई गई है. सरकार ने उन्हें वन विभाग की नई जिम्मेदारी सौंपते हुए राज्य के वन संरक्षण और वन्यजीव प्रबंधन को मजबूत करने की उम्मीद जताई है.

कौन है अरुण कुमार पांडेय

दरअसल, अरुण कुमार पांडेय वर्ष 1994 बैच के भारतीय वन सेवा अधिकारी है और उनका संबंध सरगुजा संभाग के अंबिकापुर क्षेत्र से है. वन विभाग में उन्हें एक अनुभवी और जमीनी अधिकारी के तौर पर देखा जाता है. इसके साथ ही अपने लंबे करियर के दौरान उन्होंने कई अहम जिलों और वन क्षेत्रों में जिम्मेदारियां निभाई हैं.

कहा-कहा किया काम 

उन्होंने राजनांदगांव, कोरबा और जशपुर जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में डीएफओ के रूप में काम किया है. इन इलाकों में वन संरक्षण, अवैध कटाई रोकने और वन्यजीव सुरक्षा को लेकर उनके कार्यों की काफी सराहना हुई थी. इसके अलावा वह इंद्रावती टाइगर रिजर्व में भी महत्वपूर्ण पदों पर रह चुके हैं, जहां उन्होंने वन्यजीव संरक्षण और पर्यावरण प्रबंधन से जुड़े कई अहम कार्य किए है. 

वन्यजीव संरक्षण एक बड़ी चुनौती 

वन विभाग के अधिकारियों का मानना है कि पांडेय का अनुभव राज्य के वन क्षेत्रों के बेहतर प्रबंधन में मददगार साबित हो सकता है. छत्तीसगढ़ देश के उन राज्यों में शामिल है जहां बड़े पैमाने पर वन क्षेत्र मौजूद हैं और वन्यजीव संरक्षण को भी बड़ी चुनौती माना जाता है.

ऐसे में नए PCCF के सामने जंगलों की सुरक्षा, जैव विविधता संरक्षण और मानव-वन्यजीव संघर्ष जैसी कई अहम जिम्मेदारियां होंगी. सरकार को उम्मीद है कि अरुण कुमार पांडेय के नेतृत्व में राज्य का वन विभाग नई योजनाओं और बेहतर प्रबंधन के साथ आगे बढ़ेगा.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो