रायपुर: छत्तीसगढ़ में इस बार ईद-उल-अजहा यानी बकरीद को लेकर प्रशासन और वक्फ बोर्ड पूरी तरह सतर्क नजर आ रहे हैं. बता दें, त्योहार के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने, सामाजिक सौहार्द कायम रखने और स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए राज्यभर में विशेष दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं. इस दौरान प्रशासन ने साफ कर दिया है कि इस बार सार्वजनिक स्थानों पर कुर्बानी देने की अनुमति नहीं होगी और केवल अधिकृत स्लॉटर हाउस या निजी परिसरों में ही कुर्बानी की जा सकेगी. इसके साथ ही प्रशासन ने क्या दिशा-निर्देश जारी किए है चलिए जानते है.
बता दें, छत्तीसगढ़ में रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग, भिलाई समेत कई बड़े शहरों में जिला प्रशासन ने पुलिस और नगर निगम के साथ मिलकर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत कर दी है. इसके अनुसार, संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जा रही है. वहीं ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों के जरिए निगरानी रखने की भी तैयारी की गई है.
अधिकारियों का कहना है कि पिछले वर्षों में खुले स्थानों पर कुर्बानी और सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो को लेकर विवाद की स्थिति बनी थी, इसलिए इस बार पहले से ही सख्त कदम उठाए जा रहे है. छत्तीसगढ़ वक्फ बोर्ड ने मुस्लिम समुदाय से अपील की है कि त्योहार को शांति, भाईचारे और सामाजिक जिम्मेदारी के साथ मनाया जाए.
इसके साथ ही बोर्ड ने कहा कि दूसरे समुदायों की भावनाओं का सम्मान करना सभी की जिम्मेदारी है. इसी को ध्यान में रखते हुए सार्वजनिक स्थानों, सड़कों और मैदानों में कुर्बानी पर पूरी तरह रोक लगाई गई है. नगर निगम की टीमों को सफाई व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए हैं ताकि त्योहार के दौरान किसी तरह की अव्यवस्था न फैले और त्योहार को शांति पूर्वक मनाया जा सकें.
बता दें, सुरक्षा व्यवस्था के अलावा नमाज को लेकर भी समय निर्धारित किया गया है. राज्यभर की मस्जिदों और ईदगाहों में नमाज सुबह 6 बजे से 11 बजे के बीच अदा की जाएगी. प्रशासन का मानना है कि तय समय में नमाज होने से भीड़ नियंत्रण, ट्रैफिक व्यवस्था और सुरक्षा प्रबंधन बेहतर तरीके से किया जा सकेगा.
इसके अलावा सोशल मीडिया पर भी प्रशासन की खास नजर रहेगी और साइबर सेल को अलर्ट मोड पर रखा गया है. वहीं अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी भड़काऊ पोस्ट, फेक न्यूज या सांप्रदायिक तनाव फैलाने वाली सामग्री पर तुरंत कार्रवाई की जाए. प्रशासन ने चेतावनी दी है कि माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी. First Updated : Tuesday, 26 May 2026