मां पहुंची मिलने, घर में मिला मौत का मंजर, बहू की हत्या के बाद बेटे ने लगा ली फांसी

छत्तीसगढ़ के भिलाई शहर में पति-पत्नी की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस जांच के दौरान बड़ा खुलासा हुआ है. मृतकों की पहचान 55 वर्षीय जी. वेंकटरमण मूर्ति और उनकी 52 वर्षीय पत्नी जी. विद्यावती के रूप में हुई है.

calender

रायपुर: छत्तीसगढ़ के भिलाई शहर में पति-पत्नी की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस जांच के दौरान बड़ा खुलासा हुआ है. शुरुआती तौर पर रहस्यमय लग रही इस घटना को लेकर पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने नई तस्वीर सामने रखी है. जांच में पता चला है कि पति ने पहले अपनी पत्नी की हत्या की और उसके बाद खुद फांसी लगाकर जान दे दी. 

बता दें, यह मामला वैशाली नगर थाना क्षेत्र के वृंदा नगर कैंप-1 सामने आया है. वहीं मृतकों की पहचान 55 वर्षीय जी. वेंकटरमण मूर्ति और उनकी 52 वर्षीय पत्नी जी. विद्यावती के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार, दंपती घर में अकेले रहते थे, जबकि उनका बेटा नौकरी के सिलसिले में ओडिशा में रहता है.

घटना का  कब चला पता? 

घटना का पता तब चला जब वेंकटरमण की मां सुबह उनके घर पहुंची. इस दौरान घर के एक कमरे में उन्होंने बहू को मृत अवस्था में देखा. इतना ही नहीं  इसके बाद अंदर जाकर उन्होंने अपने बेटे को फंदे से लटका पाया. वहीं सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की गई. पुलिस ने बेटे के भिलाई पहुंचने के बाद दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया, जिस दौरान रिपोर्ट में सामने आया कि महिला के गले पर पाए गए निशान गला दबाने के कारण बने थे. चिकित्सकीय जांच से यह स्पष्ट हो गया कि उनकी मौत आत्महत्या नहीं बल्कि हत्या का परिणाम थी. 

जांच में हुआ खुलासा 

जांच एजेंसियों का मानना है कि पति ने पहले पत्नी की जान ली और फिर दूसरे कमरे में जाकर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. हालांकि घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है, लेकिन एक मोबाइल फोन मिला है जिसकी जांच की जा रही है. पुलिस यह जानने की कोशिश कर रही है कि घटना से पहले दोनों के बीच क्या बातचीत हुई थी और इसके पीछे की वास्तविक वजह क्या थी.

सबूतों के आधार पर हुआ फैसला 

अधिकारियों के अनुसार, शुरुआती जांच में पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद होने की बात सामने आई है. वहीं मिले सबूतों और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने मृतक पति के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है. हालांकि आत्महत्या के मामले में अलग से जांच जारी है. फिलहाल पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है. साथ ही मोबाइल फोन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की मदद से पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है. First Updated : Wednesday, 17 June 2026