रायपुर: छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां सुरक्षा बलों को नक्सल विरोधी अभियान के दौरान एक बड़ी सफलता मिली है. बता दें, संयुक्त सुरक्षा टीम ने जंगल-पहाड़ी इलाके में तलाशी अभियान के दौरान तीन शक्तिशाली टिफिन बम बरामद किए, जिन्हें समय रहते निष्क्रिय कर दिया गया है. वहीं अभियान की सफलता के बाद अधिकारियों का कहना है कि अगर ये विस्फोटक समय पर नहीं मिलते, तो नक्सली किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की कोशिश कर सकते थे.
जानकारी के अनुसार, जिले के संवेदनशील और नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में पुलिस लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही है. इसी अभियान के तहत जिला पुलिस, सीमा सुरक्षा बल (BSF) और बम निरोधक दस्ता की संयुक्त टीम ने पखांजूर क्षेत्र के आसपास के इलाकों में तलाशी अभियान शुरू किया था. वहीं अभियान के दौरान सुरक्षा बल ग्राम हिदुर के जंगल और पहाड़ी क्षेत्र में पहुंचे, जहां संदिग्ध गतिविधियों के संकेत मिलने पर गहन जांच शुरू की गई.
खबर है जांच के दौरान सुरक्षा बलों को इलाके में तीन टिफिन बम मिले, जिनमें प्रत्येक का वजन लगभग तीन किलोग्राम बताया जा रहा है. विस्फोटकों की बरामदगी के बाद बम निरोधक दस्ता तुरंत सक्रिय हो गया और पूरी सावधानी के साथ मौके पर ही उन्हें निष्क्रिय कर दिया गया. इस अभियान के तहत एक बड़ी दुर्घटना होने से पहले उसे ही टाल दिया गया.
अधिकारियों का कहना है कि बरामद किए गए विस्फोटकों को देखकर अंदाजा लगाया जा सकता है कि नक्सली सुरक्षा बलों या आम लोगों को निशाना बनाने की तैयारी में थे. हालांकि सुरक्षा बलों की सतर्कता और समय पर कार्रवाई ने उनकी योजना को सफल नहीं होने दिया.
बस्तर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक सुंदरराज पी. ने बताया कि सीमावर्ती और संवेदनशील इलाकों में नक्सल उन्मूलन अभियान लगातार चलाया जा रहा है. सुरक्षा एजेंसियां क्षेत्र में शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए पूरी मुस्तैदी के साथ काम कर रही हैं. उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में भी ऐसे सर्च ऑपरेशन जारी रहेंगे ताकि नक्सल गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके. First Updated : Wednesday, 03 June 2026