नई दिल्ली: दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे छात्र आंदोलन के बीच सोमवार को कनॉट प्लेस में हुए हंगामे के बाद दिल्ली पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है. पुलिस ने उपद्रव, सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और कानून-व्यवस्था बाधित करने के आरोप में अब तक चार एफआईआर दर्ज की हैं. इसके अलावा दो और मामलों में एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है. वहीं प्रदर्शनकारी संगठन CJP ने पुलिस पर बल प्रयोग और मारपीट के आरोप लगाए हैं, जिन्हें पुलिस ने खारिज किया है.
दिल्ली पुलिस के अनुसार, प्रदर्शन के दौरान कनॉट प्लेस के आउटर सर्कल स्थित रीगल सिनेमा के पास कुछ लोगों ने पुलिस वाहनों में तोड़फोड़ की और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों पर पथराव किया. घटना के बाद कनॉट प्लेस थाने में अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है. पुलिस सीसीटीवी फुटेज और वीडियो रिकॉर्डिंग के जरिए आरोपियों की पहचान करने में जुटी है.
पुलिस ने बताया कि अब तक चार अलग-अलग एफआईआर दर्ज की जा चुकी हैं. इनमें संसद सत्र के दौरान बिना अनुमति ड्रोन उड़ाने, हिंसा की कथित साजिश, सरकारी कार्य में बाधा डालने, पुलिसकर्मियों से मारपीट और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने जैसे मामले शामिल हैं. दो अन्य मामलों में भी कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया चल रही है.
मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS), आर्म्स एक्ट और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान से संरक्षण अधिनियम (PDPP Act) की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है. पुलिस का आरोप है कि प्रदर्शन के दौरान गैरकानूनी जमावड़ा, हिंसक गतिविधियां, सरकारी कार्य में बाधा और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने जैसी घटनाएं हुईं. इन सभी आरोपों की जांच जारी है.
मंगलवार सुबह भी जंतर-मंतर पर छात्रों और प्रदर्शनकारियों का जमावड़ा देखने को मिला. प्रदर्शनकारी अपनी मांगों को लेकर आंदोलन जारी रखने की बात कह रहे हैं. किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है.
प्रदर्शनकारी संगठन CJP ने आरोप लगाया है कि पुलिस ने प्रदर्शन के दौरान बल प्रयोग किया और कई युवाओं के साथ मारपीट की. संगठन का दावा है कि कई लोग घायल हुए हैं. दूसरी ओर, दिल्ली पुलिस ने सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे कुछ वीडियो और दावों को भ्रामक बताया है.
पुलिस का कहना है कि उपलब्ध तथ्यों के आधार पर कई दावे सही नहीं पाए गए हैं और लोगों से अपुष्ट जानकारी साझा न करने की अपील की गई है. First Updated : Tuesday, 21 July 2026