प्रोटेस्ट छोड़कर बर्गर खाना पड़ा महंगा, विजेता दहिया पर एक्शन, प्रवक्ता पद से किए गए बर्खास्त

कॉकरोच जनता पार्टी के प्रवक्ता विजेता दहिया के इस कृत्य की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए उन्हें प्रवक्ता पद से हटा दिया है और उनकी सभी आधिकारिक जिम्मेदारियां वापस ले ली हैं.

calender

नई दिल्ली: दिल्ली में संसद मार्च के दौरान कॉकरोच जनता पार्टी के प्रवक्ता और राजनीतिक शोधकर्ता विजेता दहिया का एक फास्ट-फूड आउटलेट में बर्गर खाते हुए वीडियो सामने आने के बाद भारी राजनीतिक घमासान मच गया है. पार्टी नेतृत्व ने दहिया के इस कृत्य की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए उन्हें प्रवक्ता पद से हटा दिया है और उनकी सभी आधिकारिक जिम्मेदारियां वापस ले ली हैं.

पुलिस कार्रवाई के बीच वायरल हुआ वीडियो

यह पूरा विवाद सोमवार को CJP द्वारा आयोजित 'संसद मार्च' के दौरान शुरू हुआ. दिल्ली की सड़कों पर जब पुलिस प्रदर्शनकारियों पर कथित तौर पर लाठीचार्ज कर रही थी और कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले रही थी, उसी समय सोशल मीडिया पर विजेता दहिया का एक वीडियो वायरल हो गया. वीडियो में दहिया प्रदर्शन स्थल से दूर दिल्ली के एक प्रसिद्ध फास्ट-फूड आउटलेट में बर्गर खाते दिखे. वीडियो सामने आते ही सोशल मीडिया यूजर्स ने आंदोलन के बीच उनकी अनुपस्थिति पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए.

विजेता दहिया ने दी सफाई

सोशल मीडिया पर तीखी आलोचना झेलने के बाद पेशे से फिल्म निर्माता व शोधकर्ता विजेता दहिया ने एक वीडियो संदेश जारी कर अपना पक्ष रखा. उन्होंने दावा किया कि वे प्रदर्शन में शामिल हुए थे और मार्च समाप्त होने की जानकारी मिलने के बाद ही वहां से निकले थे. अपनी सफाई में दहिया ने कहा, मैंने बर्गर क्यों खाया? आज यह एक बड़ा मुद्दा बन गया है. कोई बर्गर क्यों खाता है? क्योंकि उसे भूख लगती है. मुझे भी बहुत भूख लगी थी और जब आप कुछ अच्छा खाते हैं तो मन बेहतर महसूस करता है.

दो रातों से सोया नहीं था

दहिया ने आलोचकों पर निशाना साधते हुए कहा कि लोग आंदोलन में शामिल कार्यकर्ताओं के त्याग और परिश्रम की अनदेखी कर रहे हैं. उन्होंने अपनी थकान का जिक्र करते हुए कहा कि वे और प्रदर्शन में शामिल कई लोग पिछले दो रातों से सोए नहीं हैं. उन्होंने स्पष्ट किया कि वे प्रदर्शन स्थल से निकलने के बाद नहाने के लिए घर गए थे और रास्ते में खाना खाने के लिए रुके थे. उनकी इस दलील के बावजूद पार्टी ने कार्रवाई करते हुए उन्हें संगठन के मुख्य दायित्वों से मुक्त कर दिया है.

पार्टी ने जारी किया सख्त बयान

विवाद बढ़ने पर कॉकरोच जनता पार्टी ने अपने आधिकारिक X हैंडल पर बयान जारी कर कार्रवाई की घोषणा की. CJP ने कहा, हम अपने प्रवक्ता विजेता दहिया के व्यवहार की निंदा करते हैं. उनका यह वीडियो अस्वीकार्य है। यह निर्णय क्षमता की पूरी कमी को दर्शाता है और हमारे आंदोलन के मूल्यों व सिद्धांतों के पूरी तरह विपरीत है. First Updated : Tuesday, 21 July 2026