कुल्लू में अचानक बादल फटा, बारिश ने मचाई भारी तबाही — 25 से ज्यादा वाहन बह गए, प्रशासन सतर्क

कुल्लू में अचानक बादल फटने से भारी बारिश हुई और पानी ने कई वाहन बहा दिए. इलाके में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है लेकिन अभी तक किसी के घायल होने की खबर नहीं है. मौसम विभाग ने पूरे हिमाचल के कई जिलों में तेज बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया है. क्या सच में ये प्राकृतिक घटना इतनी खतरनाक साबित होगी? जानिए पूरी खबर में!

Aprajita
Edited By: Aprajita

Cloudburst Hits Kullu: हिमाचल प्रदेश के कुल्लू और रामपुर इलाके में शनिवार शाम अचानक बादल फट गए और तेज बारिश ने भारी तबाही मचा दी. इतनी बारिश हुई कि सड़कों पर खड़े करीब 25 वाहन पानी और मलबे में बह गए. हैरानी की बात ये है कि अभी तक किसी के हताहत होने की खबर नहीं आई है, जो किसी बड़े हादसे से बचाव की राहत की बात है.

कहां-कहां हुई तबाही?

कुल्लू जिले के निरमंड क्षेत्र में अचानक शरशया नाले में पानी का बहाव इतना तेज हो गया कि सड़क किनारे खड़े लगभग 20 से 25 वाहन बह गए और मलबे में दब गए. खास बात ये है कि पांच वाहन तो सतलुज नदी के किनारे तक बह गए. जमातखाना, निरमंड और अनी इलाके में भी बादल फटने की घटना दर्ज की गई है. भारी बारिश और ओलावृष्टि ने रामपुर के खेतों और फसलों को भी बर्बाद कर दिया है.

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो

बाढ़ में बहते हुए वाहनों के कई वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं. इन वीडियो में साफ दिख रहा है कि कैसे पानी ने सड़क किनारे खड़े वाहनों को अपनी लहरों में समेट लिया.

जलस्तर बढ़ा, सतर्कता जरूरी

भारी बारिश से सतलुज नदी का जलस्तर भी तेजी से बढ़ गया है, जिससे आगे भी बाढ़ का खतरा बढ़ गया है. स्थानीय प्रशासन और बचाव दल पूरी तरह से अलर्ट पर हैं और जरूरी कार्रवाई कर रहे हैं.

मौसम विभाग ने जारी किया येलो अलर्ट

शिमला स्थित मौसम विज्ञान केंद्र ने कुल्लू सहित राज्य के नौ जिलों के लिए तेज बारिश, ओलावृष्टि और आंधी-तूफान का येलो अलर्ट जारी किया है. इनमें बिलासपुर, चंबा, हमीरपुर, कांगड़ा, मंडी, शिमला, सिरमौर और सोलन जिले भी शामिल हैं.
मौसम विभाग के अनुसार 27 और 28 मई को इन इलाकों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी और बिजली चमकने के साथ आंधी-तूफान भी आ सकता है.

क्या कहना है अधिकारियों का?

निरमंड के उपजिलाधिकारी मनमोहन सिंह ने बताया कि इस घटना में किसी के हताहत होने की कोई सूचना नहीं है. उन्होंने लोगों से सावधानी बरतने और घरों से अनावश्यक बाहर न निकलने की अपील की है.

लोगों को क्या सावधानी बरतनी चाहिए?

  • भारी बारिश और तूफान के समय घर के अंदर रहें.
  • नदियों, नालों और निचले इलाकों से दूर रहें.
  • मोबाइल फोन पर मौसम विभाग के अलर्ट और अपडेट्स पर नजर रखें.
  • सड़क पर फंसे वाहन या लोगों की मदद के लिए स्थानीय प्रशासन को तुरंत सूचित करें.

कुल्लू और आसपास के इलाकों में इस बार बादल फटने और भारी बारिश ने एक बार फिर से प्रकृति की शक्ति का एहसास कराया है. बड़ी तबाही होते-होते बच गई, लेकिन सावधानी और सतर्कता अभी भी जरूरी है क्योंकि मौसम विभाग का अलर्ट जारी है. लोग अपने-अपने क्षेत्र में सुरक्षित रहें और प्रशासन की हिदायतों का पालन करें.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag