टिकट नहीं मिला तो लगा दी आग! बंगाल कांग्रेस ऑफिस में कार्यकर्ताओं का भयंकर बवाल, वीडियो आया सामने
बीते दिन कांग्रेस ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए सभी सीटों पर अपने प्रत्याशी घोषित किए. उनके चयन से खुद उनके कार्यकर्ता खुश नहीं है. सोशल मीडिया पर एक वीडियो सामने आया है, जिसमें वे पार्टी ऑफिस में तोड़फोड़ कर रहे हैं.

नई दिल्ली: पश्चिम बंगाल कांग्रेस ने विधानसभा चुनाव के लिए सभी सीटों पर अपने प्रत्याशी घोषित कर दिए हैं. ज्यादातर जगहों पर कार्यकर्ता उम्मीदवारों के समर्थन में प्रचार अभियान भी शुरू कर चुके हैं, लेकिन पश्चिमी मेदनीपुर जिले की सालबोनी विधानसभा सीट पर पार्टी की मुश्किलें बढ़ गई है. दरअसल सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें कुछ कार्यकर्ता इस घोषणा से खुश नहीं है और तोड़ फोड़ कर रहे हैं.
सालबोनी सीट पर विवाद और नाराजगी
सालबोनी सीट पर केंद्रीय नेतृत्व ने अरूप मुखर्जी को उम्मीदवार बनाया है. मगर स्थानीय पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच इस नाम को लेकर गहरा असंतोष है. सोमवार को नाराज कार्यकर्ताओं ने पार्टी कार्यालय में जमकर बवाल किया. उन्होंने जोर-जोर से नारेबाजी की और फर्नीचर तोड़ डाला. अपनी आवाज को ऊंचा उठाने के लिए उन्होंने कार्यालय में फर्नीचर को आग भी लगा दी.
सालबोनी सीट की अहमियत
सालबोनी विधानसभा सीट झाड़ग्राम लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत आती है. यहां करीब 2 से 2.5 लाख मतदाता हैं. 2021 के विधानसभा चुनाव में तृणमूल कांग्रेस के श्रीकांत महाता ने करीब 32 हजार वोटों के अंतर से जीत हासिल की थी. भाजपा के राजीव कुंडू दूसरे स्थान पर रहे, जबकि कांग्रेस तीसरे नंबर पर रही थी.
पिछले चुनावों का रिकॉर्ड
यह सीट पिछले तीन विधानसभा चुनावों से लगातार तृणमूल कांग्रेस के कब्जे में है. इससे पहले यह सीट वामपंथी दलों का गढ़ मानी जाती थी. अब कांग्रेस यहां मजबूत वापसी की कोशिश कर रही है, लेकिन टिकट बंटवारे को लेकर अंदरूनी कलह पार्टी की तैयारियों पर असर डाल रही है.
कार्यकर्ताओं का गुस्सा
स्थानीय कार्यकर्ता मानते हैं कि टिकट देने में उनकी राय को नजरअंदाज किया गया. केंद्रीय नेतृत्व के फैसले के खिलाफ उन्होंने पार्टी ऑफिस में तोड़फोड़ की. इस घटना से कांग्रेस की एकता पर सवाल उठ रहे हैं. पार्टी नेतृत्व अब इस विवाद को शांत करने की कोशिश में लगा है ताकि चुनावी अभियान प्रभावित न हो.
VIDEO | Bengal polls: Cong workers vandalise, torch party office furnitures to protest Arup Mukherjee's candidature from Salboni Assembly constituency. pic.twitter.com/ZkPYfFY1O7
— Press Trust of India (@PTI_News) March 30, 2026
सालबोनी जैसी महत्वपूर्ण सीट पर यह बवाल कांग्रेस के लिए चिंता का विषय बन गया है. अगर पार्टी जल्दी ही इस असंतोष को दूर नहीं करती, तो आने वाले चुनाव में इसका नुकसान हो सकता है.


