दिल्ली को मिलेगा आज नया मुख्यमंत्री, रामलीला मैदान में होगा शपथ ग्रहण समारोह

Delhi CM Oath Ceremony: दिल्ली में सत्ता परिवर्तन का समय आ गया है. राजधानी को आज नया मुख्यमंत्री मिलने जा रहा है. भाजपा के 48 नवनिर्वाचित विधायकों की बैठक बुधवार शाम को होगी, जिसमें विधायक दल का नेता चुना जाएगा. इसके बाद उपराज्यपाल वीके सक्सेना से मुलाकात कर सरकार बनाने का दावा पेश किया जाएगा. वहीं, गुरुवार दोपहर रामलीला मैदान में मुख्यमंत्री और उनके मंत्रिमंडल के छह अन्य सदस्य शपथ लेंगे.

Deeksha Parmar
Edited By: Deeksha Parmar

Delhi new Chief Minister announcement today: दिल्ली में सत्ता परिवर्तन का समय आ गया है. राजधानी को आज नया मुख्यमंत्री मिलने जा रहा है. भाजपा के 48 नवनिर्वाचित विधायकों की बैठक बुधवार शाम को होगी, जिसमें विधायक दल का नेता चुना जाएगा. इसके बाद उपराज्यपाल वीके सक्सेना से मुलाकात कर सरकार बनाने का दावा पेश किया जाएगा. वहीं, गुरुवार दोपहर रामलीला मैदान में मुख्यमंत्री और उनके मंत्रिमंडल के छह अन्य सदस्य शपथ लेंगे. इस भव्य समारोह के लिए तैयारियां जोरों पर हैं.

रामलीला मैदान में शपथ ग्रहण की तैयारियां जोरों पर

रामलीला मैदान में शपथ ग्रहण समारोह को लेकर भाजपा पूरी तरह से सक्रिय हो गई है. पार्टी के शीर्ष नेताओं ने उपराज्यपाल से मुलाकात कर समारोह की रूपरेखा पर चर्चा की. इस बीच, विधायक दल की बैठक के लिए अभी तक राष्ट्रीय नेतृत्व द्वारा कोई पर्यवेक्षक नियुक्त नहीं किया गया है. हालांकि, यह तय माना जा रहा है कि बुधवार सुबह पर्यवेक्षक की घोषणा हो सकती है.

शपथ ग्रहण समारोह की कमान विनोद तावड़े के हाथ में

भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े को शपथ ग्रहण समारोह की जिम्मेदारी सौंपी गई है. उनके साथ भाजपा महासचिव तरुण चुघ और दिल्ली प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने रामलीला मैदान का निरीक्षण किया. बाद में भाजपा प्रदेश कार्यालय में एक अहम बैठक हुई, जिसमें राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष भी शामिल रहे. इसके बाद तावड़े, चुघ और सचदेवा ने उपराज्यपाल वीके सक्सेना से मुलाकात की.

उपराज्यपाल वीके सक्सेना कर रहे हैं तैयारियों की देखरेख

शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियों को लेकर उपराज्यपाल वीके सक्सेना खुद नजर बनाए हुए हैं. भाजपा नेताओं के अनुसार, इस समारोह में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, कई केंद्रीय मंत्री, पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी, एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री शामिल होंगे. इसके अलावा, साधु-संत, भाजपा कार्यकर्ता, सफाई कर्मचारी और विभिन्न क्षेत्रों के प्रमुख लोग भी इस ऐतिहासिक पल के साक्षी बनेंगे.

कौन बनेगा दिल्ली का नया मुख्यमंत्री? ये नाम हैं रेस में

दिल्ली के नए मुख्यमंत्री पद की दौड़ में कई नाम सामने आ रहे हैं. इनमें प्रवेश वर्मा, जिन्होंने नई दिल्ली सीट पर अरविंद केजरीवाल को हराया था, प्रमुख दावेदार माने जा रहे हैं. इसके अलावा, पूर्व नेता प्रतिपक्ष विजेंद्र गुप्ता, पूर्व प्रदेश संगठन महामंत्री पवन शर्मा, भाजपा के राष्ट्रीय सचिव मनजिंदर सिंह सिरसा, सतीश उपाध्याय, आशीष सूद, रेखा गुप्ता, शिखा राय, अजय महावर, जितेंद्र महाजन, रविंद्र इंद्राज, कैलाश गंगवाल और करनैल सिंह सैनी के नाम भी चर्चा में हैं.

यदि किसी सांसद को मुख्यमंत्री बनाया जाता है, तो मनोज तिवारी का नाम भी प्रमुख रूप से लिया जा रहा है. दिल्ली की जनता को अब बस आधिकारिक घोषणा का इंतजार है. देखना दिलचस्प होगा कि भाजपा किसे राजधानी की बागडोर सौंपती है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो