नई दिल्ली: मालवीय नगर स्थित एक होटल में बुधवार सुबह लगी भीषण आग ने कई परिवारों की खुशियां छीन लीं. इस दर्दनाक हादसे में कुल 21 लोगों की मौत हो गई, जबकि लगभग दो दर्जन लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं. मृतकों में कुछ विदेशी नागरिक भी शामिल बताए जा रहे हैं. घटना के बाद इलाके में शोक और दहशत का माहौल है.
सबसे दर्दनाक कहानी गुरुग्राम के एक परिवार की है, जिसने इस हादसे में अपने आठ सदस्यों को खो दिया. परिवार के सदस्य दिल्ली के मैक्स अस्पताल में भर्ती एक बुजुर्ग रिश्तेदार से मिलने आए थे. मुलाकात के बाद सभी लोग पास के होटल में नाश्ता करने पहुंचे, लेकिन कुछ ही देर बाद वहां आग लग गई और पूरा परिवार उसकी चपेट में आ गया.
जानकारी के अनुसार, गुरुग्राम के सेक्टर-46 निवासी विवेक अग्रवाल अपने परिवार के साथ रहते थे. उनके पिता राधेश्याम अग्रवाल की तबीयत खराब होने के कारण उन्हें दिल्ली के मैक्स अस्पताल में भर्ती कराया गया था. बुधवार को परिवार के अन्य रिश्तेदार भी उनसे मिलने पहुंचे थे. इसके बाद सुबह सभी लोग एक साथ नाश्ते के लिए होटल गए, जहां यह भयावह हादसा हो गया.
अग्निकांड में विवेक अग्रवाल, उनकी पत्नी तर्जनी, दोनों बेटियां जीविशा और वारिया, मां प्रेमलता, मौसा अशोक गोयल, मौसी कमला और परिवार की एक अन्य सदस्य झिमरी अग्रवाल की मौत हो गई. परिवार का इकलौता सदस्य जो इस हादसे से बच गया, वह विवेक के पिता हैं, क्योंकि उस समय वे अस्पताल में भर्ती थे. अब उनके सामने अपने पूरे परिवार को खोने का असहनीय दुख है.
हादसे के बाद मृतकों और घायलों के परिजन बड़ी संख्या में अस्पताल पहुंचे. मैक्स अस्पताल में कुल 39 लोगों को लाया गया था, जिनमें से 18 लोगों को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था और अस्पताल के बाहर भावुक दृश्य देखने को मिले.
स्थानीय लोगों ने आग में फंसे लोगों को बचाने की हरसंभव कोशिश की. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कई जोरदार धमाकों के बाद होटल में अफरा-तफरी मच गई. लोगों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के निवासी मदद के लिए दौड़ पड़े। उन्होंने खिड़कियों के शीशे तोड़े और नीचे गद्दे बिछाए ताकि जान बचाने के लिए कूदने वाले लोगों को सहारा मिल सके.
इस हादसे ने एक बार फिर इमारतों में अग्नि सुरक्षा इंतजामों और आपातकालीन तैयारियों को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है. First Updated : Wednesday, 03 June 2026