CM रेखा गुप्ता की 82 हजार रुपये की लग्जरी कुर्सी पर इंटरनेट में बहस तेज, अरविंद केजरीवाल के शीशमहल से तुलना शुरू

CM रेखा गुप्ता की लग्जरी कुर्सी की तस्वीर वायरल हो गई है, जिसमें इलेक्ट्रॉनिक मसाज और कई महंगी सुविधाएं हैं, जिसे लेकर सोशल मीडिया पर जोरदार बहस छिड़ गई है. जबकि BJP समर्थक इसे केजरीवाल के शीशमहल विवाद से जोड़कर तुलना कर रहे हैं.

calender

नई दिल्ली: मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की एक तस्वीर सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है और इस पर जोरदार बहस छिड़ गई है. अभिनेता राकेश बेदी के साथ हुई बैठक की इस तस्वीर में रेखा गुप्ता जिस कुर्सी पर बैठी नजर आ रही हैं, उसे लेकर लोग सवाल उठा रहे हैं. 

लग्जरी कुर्सी को लेकर विवाद

सोशल मीडिया यूजर्स का कहना है कि यह रेड ओक कंपनी की 'इम्पीरियो' एग्जीक्यूटिव चेयर है. इस कुर्सी की कीमत 66 हजार रुपये से शुरू होकर 82,600 रुपये तक बताई जा रही है. इसमें इलेक्ट्रॉनिक मसाज सिस्टम, पीछे झुकने की सुविधा, ऑटोमैटिक फुटरेस्ट, लेदर अपहोल्स्ट्री और फोम कुशन जैसी महंगी सुविधाएं हैं. 

तस्वीर 25 मई को रेखा गुप्ता के आधिकारिक अकाउंट पर पोस्ट की गई थी, जिसके बाद आम आदमी पार्टी (AAP) ने इसे मुद्दा बना लिया. आप ने तस्वीर शेयर करते हुए पूछा- “इस कुर्सी की कीमत क्या है?”

सोशल मीडिया पर दो खेमे

वायरल तस्वीर के बाद लोगों की प्रतिक्रियाएं अलग-अलग हैं. कई यूजर्स ने सवाल किया कि दिल्ली में बिजली, पानी, सड़क और प्रदूषण जैसी बड़ी समस्याएं बनी हुई हैं, ऐसे में मुख्यमंत्री का इतनी महंगी कुर्सी पर बैठना सही संदेश नहीं देता. कुछ लोगों ने यह भी पूछा कि क्या यह कुर्सी सरकारी खर्चे पर खरीदी गई है.

दूसरी तरफ, भाजपा समर्थक और कई यूजर्स रेखा गुप्ता का बचाव कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि दिल्ली की मुख्यमंत्री 60-80 हजार रुपये की कुर्सी पर बैठ सकती हैं. एक यूजर ने लिखा, “आजकल साधारण विधायक भी लाखों के जूते पहनते हैं, तो मुख्यमंत्री की कुर्सी पर सवाल क्यों?”

केजरीवाल के शीशमहल से तुलना

बहुत से लोग इस विवाद की तुलना पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के सरकारी आवास के ‘शीशमहल’ विवाद से कर रहे हैं. सोशल मीडिया पर पोस्ट्स में लिखा जा रहा है कि “केवल 66 हजार रुपये की कुर्सी पर इतना हंगामा, जबकि केजरीवाल के शीशमहल पर चुप्पी क्यों?” एक यूजर ने मजाक में कहा, “केजरीवाल के शीशमहल के एक टॉयलेट सीट की कीमत में 50 ऐसी कुर्सियां आ जाएंगी.”

राजनीतिक तंज

कुछ लोगों ने दोनों पार्टियों पर तंज कसा है. एक कमेंट में लिखा गया, “बीजेपी और आप सतह पर लड़ती हैं, लेकिन अंदर से दोनों एक जैसी हैं.” वहीं कुछ यूजर्स ने इसे टैक्सपेयर के पैसे का दुरुपयोग बताया.

यह विवाद दिल्ली की राजनीति में लग्जरी और सरकारी खर्च को लेकर होने वाली बहस को फिर से सामने लाया है. फिलहाल रेखा गुप्ता या उनके कार्यालय की तरफ से इस मुद्दे पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है. First Updated : Wednesday, 27 May 2026