दिल्ली में LPG संकट की साजिश! क्राइम ब्रांच ने फिल्मी स्टाइल में गुप्त तरीके से किया भंडाफोड़

दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच को बड़ी सफलता मिली है. घरेलू गैस की किल्लत के बीच रणहोला इलाके में छापेमारी के दौरान 459 खाली LPG सिलिंडर बरामद किए गए हैं.

Sonee Srivastav

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने पश्चिमी दिल्ली के रणहोला इलाके में रसोई गैस की बड़ी कालाबाजारी का भंडाफोड़ किया है. घरेलू गैस की किल्लत के बीच पुलिस की छापेमारी में 459 खाली LPG सिलिंडर बरामद किए गए हैं. इनमें 284 इंडेन कंपनी के और 175 भारत पेट्रोलियम के सिलिंडर शामिल हैं.

गुप्त सूचना पर की गई कार्रवाई

पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि रणहोला क्षेत्र में बड़ी मात्रा में LPG सिलिंडर अवैध तरीके से जमा किए जा रहे है और कालाबाजारी की जा रही है. इसके आधार पर इंस्पेक्टर प्रदीप के नेतृत्व में क्राइम ब्रांच की टीम ने निलोठी रोड स्थित एचपी बालाजी गैस एजेंसी पर छापा मारा.

छापेमारी के दौरान एजेंसी के मालिक सुशील कुमार सिंघल मौके पर ही मिल गया. पुलिस के मुताबिक, वह सिलिंडरों के अवैध भंडारण में सीधे शामिल था. 

एजेंसी मालिक पर लगा धांधली का आरोप

जांच में सामने आया कि सुशील कुमार सिंघल गैस एजेंसी का मालिक होने के बावजूद अपने पद का दुरुपयोग कर रहा था. वह सामान्य वितरण के लिए आए सिलिंडरों को बाजार में बांटने की बजाय जमा करके रख रहा था.

आरोप है कि वह इन सिलिंडरों को कृत्रिम कमी पैदा करके खुले बाजार में ज्यादा दाम पर बेचने की योजना बना रहा था. इससे आम लोगों को सस्ती रसोई गैस मिलने में मुश्किल होती और वह मोटा अवैध मुनाफा कमाता.

खाद्य आपूर्ति विभाग की टीम भी शामिल

मामले की जानकारी मिलते ही खाद्य आपूर्ति विभाग के अधिकारी जग प्रवेश (एफएसओ) को मौके पर बुलाया गया. उन्होंने मौके पर पहुंचकर जरूरी प्रक्रिया पूरी की. सभी बरामद सिलिंडरों को कानूनी प्रक्रिया के बाद हिंदुस्तान पेट्रोलियम के सेल्स एरिया मैनेजर संजय कुमार मेहता को सुपुर्द कर दिया गया.

पुलिस ने दर्ज किया केस

दिल्ली पुलिस ने इस पूरे मामले में आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 7 और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 61(2) के तहत मामला दर्ज कर लिया है. जांच अभी जारी है.

पुलिस का सख्त संदेश

दिल्ली पुलिस ने कहा कि आवश्यक वस्तुओं की कालाबाजारी और अवैध भंडारण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. आम लोगों को तय दामों पर रसोई गैस और अन्य जरूरी चीजें उपलब्ध कराने के लिए ऐसी छापेमारी और कार्रवाई भविष्य में भी लगातार जारी रहेगी. इस तरह की घटनाएं आम आदमी की जेब पर बोझ बढ़ाती हैं, इसलिए पुलिस ने इलाके में निगरानी बढ़ा दी है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो