दिल्ली में लू का आतंक, 5 दिन तक आसमान से गिरेगी आग; मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट
दिल्ली में भीषण गर्मी और लू का कहर जारी है, मौसम विभाग ने रविवार- सोमवार के लिए लू का ऑरेंज अलर्ट और अगले तीन दिनों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है. अगले 5 दिनों में अधिकतम तापमान 43-45 डिग्री तक पहुंचने की संभावना है.

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में इन दिनों भीषण गर्मी का कहर जारी है. आसमान से आग बरस रही है और लू के थपेड़े लोगों को परेशान कर रहे हैं. हालांकि बीते दिन दिल्ली एनसीआर में हल्की बारिश हुई, लेकिन गर्मी उतनी ही बनी हुई है. ऐसे में मौसम विभाग ने लोगों को सावधान रहने की चेतावनी दी है.
शनिवार का मौसम
दिल्ली में पिछले पांच दिनों से लगातार तेज गर्मी पड़ रही है. शनिवार को सुबह से ही धूप तेज थी, लेकिन सुबह 7 बजे के बाद कुछ इलाकों में बादल छाए और धूल भरी आंधी चली. कई जगहों पर हल्की बारिश भी हुई. इससे कुछ देर के लिए तापमान में गिरावट आई, लेकिन बाद में फिर धूप निकलने से गर्मी बढ़ गई.
सफदरजंग मौसम केंद्र पर शनिवार को अधिकतम तापमान 41.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.9 डिग्री ज्यादा था. न्यूनतम तापमान 28.4 डिग्री रहा, जो सामान्य से 1.7 डिग्री अधिक है.
अगले 5 दिनों का पूर्वानुमान
मौसम विभाग ने रविवार और सोमवार के लिए लू का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. इन दो दिनों में अधिकतम तापमान 43 से 45 डिग्री तक पहुंच सकता है. इसके बाद मंगलवार, बुधवार और गुरुवार के लिए येलो अलर्ट रहेगा.
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, अगले सप्ताह भर में गर्मी से बड़ी राहत मिलने के आसार नहीं हैं. दिन में तेज धूप और लू चलने की संभावना है. रात का तापमान भी 27 से 29 डिग्री के बीच रहने की उम्मीद है.
लू से बचाव के उपाय
मौसम विभाग ने लोगों को खास सलाह दी है. दोपहर में अनावश्यक रूप से बाहर न निकलें. खूब पानी पिएं, हल्के रंग के ढीले कपड़े पहनें और सिर को कपड़े से ढककर रखें. बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों को विशेष ध्यान देने की जरूरत है.
प्रदूषण पर सरकार की तैयारी
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि प्रदूषण से लड़ाई केवल सर्दियों तक सीमित नहीं रहेगी. सरकार पूरे साल स्वच्छ हवा के लिए काम कर रही है. अत्याधुनिक मिस्ट स्प्रे सिस्टम, एंटी स्मॉग गन और स्वदेशी तकनीक का इस्तेमाल बढ़ाया जा रहा है.
पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने भी कहा कि सरकार इस दिशा में ठोस कदम उठा रही है. दिल्लीवासियों को इन दिनों बेहद सावधानी बरतनी होगी. गर्मी और लू से बचने के लिए घर के अंदर रहना सबसे अच्छा उपाय है.


