Delhi-NCR Weather: दिल्ली-एनसीआर में इस साल जनवरी का मौसम काफी अलग नजर आ रहा है. ठंड का असर कम होता दिख रहा है, वहीं धूप की तपिश ने लोगों को चौंका दिया है. आने वाले दिनों में राजधानी में तापमान और बढ़ने के साथ-साथ हल्की बारिश और कोहरे के आसार हैं. वेस्टर्न डिस्टरबेंस के सक्रिय होने से मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है.
मौसम विभाग के मुताबिक, जनवरी के आखिरी दिनों में अधिकतम तापमान 26 डिग्री तक पहुंच सकता है. वहीं, फरवरी की शुरुआत हल्की बूंदाबांदी और गर्माहट के साथ होगी. 29 जनवरी से लेकर 3 फरवरी तक बादल, कोहरा और बारिश का सिलसिला बना रह सकता है.
मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 23.6 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.5 डिग्री अधिक था. न्यूनतम तापमान 7.2 डिग्री रहा, जो सामान्य से 1.2 डिग्री कम था. हवा में नमी का स्तर 41 से 91 प्रतिशत तक दर्ज किया गया.
29 जनवरी से राजधानी में हल्के बादल छाने और मध्यम कोहरा रहने की संभावना है. दिन का तापमान 24 से 26 डिग्री और रात का तापमान 9 से 11 डिग्री तक रह सकता है. हवाओं की गति दिन के समय 10 से 15 किमी प्रति घंटे तक रहने की संभावना है.
एक फरवरी को राजधानी में आंशिक बादल छाए रहेंगे और हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है. अधिकतम तापमान 25 से 27 डिग्री और न्यूनतम तापमान 10 से 12 डिग्री तक रह सकता है. दो फरवरी को मौसम साफ हो जाएगा, लेकिन हल्के बादल फिर भी नजर आ सकते हैं.
स्काईमेट के अनुसार, लगातार चौथे दिन न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे रहा, लेकिन अब तापमान में बढ़ोतरी देखने को मिलेगी. सर्दियों के जल्द खत्म होने के संकेत मिल रहे हैं. हालांकि, फरवरी के पहले हफ्ते में हल्की ठंड लौट सकती है.
29 जनवरी को एक नया वेस्टर्न डिस्टरबेंस पहाड़ों पर सक्रिय होगा, जिससे दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में हवा का पैटर्न बदल सकता है. पूर्वी हवाओं के चलते तापमान बढ़ेगा और बारिश की संभावना फिलहाल कम है. हालांकि, एक से तीन फरवरी के बीच दो और वेस्टर्न डिस्टरबेंस सक्रिय हो सकते हैं.
दिल्ली का मौसम आने वाले दिनों में लोगों के लिए पहेली बना रहेगा. जनवरी के आखिरी और फरवरी की शुरुआत में तापमान बढ़ेगा, लेकिन बारिश और कोहरे का असर भी देखने को मिलेगा. ऐसे में दिल्लीवासियों को बदलते मौसम के अनुसार तैयार रहने की जरूरत है. First Updated : Tuesday, 28 January 2025