सफेद चादर में लिपटी Delhi-NCR, जीरो विजिबिलिटी के साथ बारिश और ओला गिरने की चेतावनी, देखें IMD की रिपोर्ट

दिल्ली का मौसम एक बार फिर अलर्ट पर आ गया है. मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया हुआ है, जिससे लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.

Sonee Srivastav

नई दिल्ली: दिल्ली-एनसीआर में आज मंगलवार (3 फरवरी) सुबह से ही घने कोहरे की वजह से सफेद चादर में लिपटा नजर आ रहा है. मौसम विभाग ने विजिबिलिटी कम होने के कारण येलो अलर्ट जारी किया हुआ है, जिससे लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी जा रही है.

दिल्ली-एनसीआर में छाया घना कोहरा

आज दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद में सुबह के समय बहुत घना कोहरा छाया रहा. कई जगहों पर दृश्यता 100 मीटर से भी कम हो गई, जिससे वाहन चलाने में मुश्किल हुई. हवाई अड्डे पर उड़ानों में देरी की आशंका जताई गई है. ठंडी हवाओं की वजह से ठंड और बढ़ गई है. लोग घर से निकलते समय फॉग लाइट का इस्तेमाल करें और धीमी गति से वाहन चलाएं.

तापमान में आई गिरावट 

दिल्ली में न्यूनतम तापमान 7-9 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है, जबकि अधिकतम तापमान 19-21 डिग्री तक पहुंचने का अनुमान है. अगले 2-3 दिनों में न्यूनतम पारा और नीचे जा सकता है. हालांकि, इसके बाद तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी शुरू हो सकती है. मौसम साफ होने की बजाय बादल छाए रहने और नमी बनी रहने से ठंड महसूस हो रही है. 

बर्फबारी और बारिश के संकेत

उत्तर भारत में पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) सक्रिय हैं. एक विक्षोभ पहले से प्रभावी है, जिससे हिमालय के ऊंचे इलाकों में बर्फबारी हो रही है. दूसरा विक्षोभ आने वाले दिनों में और मजबूत होगा, जिससे 5-7 फरवरी के आसपास पहाड़ों पर भारी बर्फबारी हो सकती है. दिल्ली में इस हफ्ते भारी बारिश की उम्मीद नहीं है, लेकिन अगले हफ्ते की शुरुआत में हल्की बूंदाबांदी के आसार दिख रहे हैं. इससे ठंड में कुछ राहत मिल सकती है.

बारिश के साथ गिरेंगे ओले

दिल्ली से लगे इलाकों में मौसम ज्यादा खराब हो सकता है. पूर्वी राजस्थान, दक्षिण-पश्चिम उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में अगले 1-2 दिनों में बारिश के साथ ओले गिरने की संभावना है. इससे किसानों की फसलों को नुकसान पहुंच सकता है. जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और उत्तराखंड में भी तेज हवाओं और बिजली चमकने के साथ मौसम खराब रह सकता है.

8 फरवरी तक कोहरा जारी रहेगा

मौसम विभाग के अनुसार, 8 फरवरी तक दिल्ली-एनसीआर में कोहरा बना रहेगा. सुबह और रात के समय दृश्यता कम रह सकती है. धूप निकलने की संभावना कम है. दक्षिण भारत में तमिलनाडु, केरल और लक्षद्वीप में हल्की बारिश शुरू हो सकती है. कुल मिलाकर, दिल्ली में अभी सर्दी का दौर जारी है. कोहरे से बचाव के लिए गर्म कपड़े पहनें और सड़क पर सतर्क रहें. 

Topics

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag