दिल्ली के 4 स्कूलों और एक्सिस बैंक को उड़ाने की धमकी, सर्च ऑपरेशन जारी
सोमवार सुबह दिल्ली के कई स्कूलों और एक बैंक को उड़ाने के लिए धमकी भरे मेल मिले. धमकी मिलने के तुरंत बाद सभी स्कूलों को सावधानी के तौर पर खाली कराया गया. छात्रों और कर्मचारियों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया.

सोमवार सुबह दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में चार स्कूलों और एक बैंक को बम से उड़ाने की धमकी मिलने की सूचना सामने आई. यह खबर मिलते ही पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियां तुरंत हरकत में आ गईं और सभी परिसरों में सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया गया.
किन स्कूलों को मिले धमकी भरे मेल
जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 8 बजे से 9:30 बजे के बीच दिल्ली कैंट के आर्मी पब्लिक स्कूल, मयूर विहार के सलवान पब्लिक स्कूल, जनकपुरी के मीरा पब्लिक स्कूल, बल्लीमारान स्थित राबिया गर्ल्स स्कूल और बराखंबा रोड पर मौजूद स्टेट्समैन हाउस में स्थित एक्सिस बैंक को धमकी भरे संदेश मिले. इन संदेशों में बम विस्फोट की चेतावनी दी गई थी, जिससे स्कूल प्रशासन और बैंक अधिकारियों में हड़कंप मच गया.
धमकी मिलने के तुरंत बाद सभी स्कूलों को सावधानी के तौर पर खाली कराया गया. छात्रों और कर्मचारियों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया, ताकि किसी भी तरह की अनहोनी से बचा जा सके. इसके साथ ही बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड की टीमों को मौके पर बुलाया गया, जिन्होंने पूरे परिसर की बारीकी से जांच शुरू की. इसी तरह, बराखंबा रोड स्थित बैंक भवन में भी सुरक्षा एजेंसियों ने हर हिस्से की गहन तलाशी ली.
पुलिस अधिकारियों ने क्या कहा?
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अब तक की जांच में किसी भी स्थान से कोई संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री नहीं मिली है. हालांकि, एहतियात के तौर पर जांच अभियान जारी रखा गया है और सुरक्षा व्यवस्था को पूरी तरह सतर्क रखा गया है. अधिकारियों का कहना है कि ऐसी धमकियों को गंभीरता से लिया जाता है और हर संभावित खतरे को ध्यान में रखते हुए कार्रवाई की जाती है.
इस बीच, धमकी देने वाले व्यक्ति या समूह का पता लगाने के लिए साइबर सेल की टीम को भी सक्रिय कर दिया गया है. तकनीकी माध्यमों से संदेश के स्रोत का पता लगाने की कोशिश की जा रही है. पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें और केवल आधिकारिक जानकारी पर ही भरोसा करें. फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हैं.


