JNU में छात्रों ने फूंका कुलपति का पुतला, 14 छात्र गिरफ्तार, कैंपस के बाहर सुरक्षा व्यवस्था अलर्ट

जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय में कुलपति के खिलाफ विरोध प्रदर्शन के दौरान छात्र और पुलिस आमने-सामने आ गए, जिसके बाद छात्रसंघ अध्यक्ष समेत 14 छात्रों को गिरफ्तार किया गया.

Suraj Mishra
Edited By: Suraj Mishra

दिल्ली स्थित जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) एक बार फिर विवादों के केंद्र में आ गया है. विश्वविद्यालय के कुलपति पर कथित जातिवादी टिप्पणी और यूजीसी नियमों को लागू करने की मांग को लेकर छात्रों का विरोध प्रदर्शन तेज हो गया है. हालात उस समय और ज्यादा तनावपूर्ण हो गए, जब पुलिस ने प्रदर्शन में शामिल कई छात्रों को हिरासत में लिया और कुछ को गिरफ्तार कर लिया.

कुलपति के खिलाफ नारेबाजी 

छात्रों की गिरफ्तारी के विरोध में शुक्रवार रात जेएनयू परिसर के बाहर बड़ी संख्या में छात्र एकत्र हुए और कुलपति के खिलाफ नारेबाजी की. प्रदर्शनकारियों ने कुलपति का पुतला जलाकर अपना विरोध जताया. हालांकि, संभावित तनाव को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया था, लेकिन इसके बावजूद छात्रों ने अपना विरोध जारी रखा और पुतला दहन किया.

पुलिस ने इस मामले में छात्रसंघ अध्यक्ष समेत कुल 14 छात्रों को गिरफ्तार किया. गिरफ्तार छात्रों में छात्रसंघ अध्यक्ष अदिति मिश्रा, पूर्व अध्यक्ष नीतीश कुमार, उपाध्यक्ष गोपिका के बाबू और संयुक्त सचिव दानिश अली सहित अन्य छात्र शामिल हैं. इन सभी पर सरकारी काम में बाधा डालने, पुलिसकर्मियों के साथ दुर्व्यवहार करने और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने जैसे आरोप लगाए गए हैं.

मार्च में करीब 400 से 500 छात्र शामिल 

पुलिस के अनुसार, जेएनयू छात्रसंघ ने शिक्षा मंत्रालय तक विरोध मार्च निकालने का आह्वान किया था. इस मार्च में करीब 400 से 500 छात्र शामिल हुए और कैंपस से बाहर निकलने की कोशिश की. प्रशासन की ओर से छात्रों को पहले ही सूचित कर दिया गया था कि इस तरह के मार्च की अनुमति नहीं दी गई है और उन्हें परिसर के अंदर ही विरोध करने की सलाह दी गई थी.

इसके बावजूद छात्र मार्च पर अड़े रहे और जब पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, तो स्थिति तनावपूर्ण हो गई. आरोप है कि कुछ प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेड्स को नुकसान पहुंचाया और पुलिसकर्मियों पर बैनर, डंडे और अन्य वस्तुएं फेंकीं. इस दौरान पुलिस और छात्रों के बीच धक्का-मुक्की भी हुई, जिसमें कुछ पुलिसकर्मी घायल हो गए.

पुलिस ने इस पूरे मामले में विभिन्न धाराओं के तहत वसंतकुंज नॉर्थ थाने में मामला दर्ज किया है. गिरफ्तार छात्रों को पटियाला हाउस कोर्ट में पेश किया गया, जहां अदालत ने उन्हें 25-25 हजार रुपये के निजी मुचलके पर जमानत दे दी. फिलहाल जेएनयू परिसर में स्थिति संवेदनशील बनी हुई है और प्रशासन व पुलिस हालात पर नजर बनाए हुए हैं.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag