दिल्ली के रणहोला में LPG कालाबाजारी का बड़ा भंडाफोड़, क्राइम ब्रांच ने 459 सिलिंडर बरामद किए

दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने रणहोला में LPG सिलिंडरों की बड़ी कालाबाजारी का भंडाफोड़ कर दिया. छापेमारी में 459 खाली सिलिंडर बरामद हुए, जिनमें इंडेन और भारत पेट्रोलियम के सिलिंडर शामिल थे.

Goldi Rai
Edited By: Goldi Rai

दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने पश्चिमी दिल्ली के रणहोला इलाके में एलपीजी सिलिंडरों की अवैध स्टोरेज और कालाबाजारी के बड़े रैकेट का पर्दाफाश किया है. छापेमारी के दौरान पुलिस ने कुल 459 खाली एलपीजी सिलिंडर बरामद किए, जिनमें 284 इंडेन और 175 भारत पेट्रोलियम के सिलिंडर शामिल हैं. यह कार्रवाई गुप्त सूचना पर की गई, जिसमें पता चला कि रणहोला क्षेत्र में बड़ी मात्रा में गैस सिलिंडर अवैध तरीके से जमा किए जा रहे थे. पुलिस टीम ने तुरंत निलोठी रोड स्थित एचपी बालाजी गैस एजेंसी पर छापा मारा और एजेंसी मालिक सुशील कुमार सिंघल को मौके पर ही पकड़ लिया.

छापेमारी और बरामदगी

इंस्पेक्टर प्रदीप के नेतृत्व में क्राइम ब्रांच की टीम ने एजेंसी पर दबिश दी. छापे के दौरान भारी संख्या में खाली सिलिंडर मिले, जो सामान्य वितरण के बजाय अवैध स्टोरेज के लिए रखे गए थे.

खाद्य आपूर्ति विभाग की भूमिका

मामले की जानकारी मिलते ही खाद्य आपूर्ति विभाग के अधिकारी जग प्रवेश को मौके पर बुलाया गया. उन्होंने नियमानुसार जांच की और सभी बरामद सिलिंडरों को प्रक्रिया पूरी करने के बाद हिंदुस्तान पेट्रोलियम के सेल्स एरिया मैनेजर संजय कुमार मेहता को सौंप दिया.

गैस एजेंसी मालिक पर आरोप

जांच में सामने आया कि आरोपित सुशील कुमार सिंघल, जो स्वयं गैस एजेंसी का मालिक है, अपने अधिकारों का दुरुपयोग करते हुए बड़ी संख्या में सिलिंडर जमा कर रहा था. आरोप है कि वह इन सिलिंडरों को सामान्य वितरण से रोककर खुले बाजार में ज्यादा कीमत पर बेचने की योजना बना रहा था, जिससे कृत्रिम कमी पैदा कर अवैध मुनाफा कमाया जा सके.

पुलिस की कार्रवाई

दिल्ली पुलिस ने इस मामले में आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 7 और भारतीय न्याय संहिता की धारा 61(2) के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस का कहना है कि आवश्यक वस्तुओं की कालाबाजारी रोकने के लिए ऐसी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी, ताकि आम लोगों को जरूरी संसाधन तय कीमतों पर उपलब्ध हो सकें.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो