होली पर दिल्ली वालों के लिए पब्लिक ट्रांसपोर्ट रहेगा सीमित, यहां जानें मेट्रो-बस-ट्रेन की नई टाइमिंग

होली के मौके पर दिल्ली-एनसीआर में मेट्रो, डीटीसी बस और नमो भारत की सेवाओं की टाइमिंग बदली गई है. अधिकांश सेवाएं दोपहर बाद शुरू होंगी, जबकि यात्रियों की भीड़ को देखते हुए रेलवे 22 विशेष ट्रेनें चला रहा है.

Shraddha Mishra

नई दिल्ली: होली का त्योहार नजदीक आते ही लोग रंगों के साथ-साथ सफर की तैयारी भी करने लगते हैं. कोई अपने गांव जा रहा है तो कोई रिश्तेदारों से मिलने की योजना बना रहा है. अगर आप भी त्योहार पर मेट्रो, बस या ट्रेन से यात्रा करने वाले हैं, तो पहले यह जान लेना जरूरी है कि इस बार दिल्ली-एनसीआर में सार्वजनिक परिवहन की समय-सारिणी में बदलाव किया गया है. ऐसे में आप नीचे दिए गए बदलावों को ध्यान में रखकर ही अपनी यात्रा की योजना बनाएं.

नमो भारत की सेवा शाम से शुरू

होली के दिन दिल्ली से मेरठ के बीच चलने वाली नमो भारत ट्रेन का संचालन सुबह नहीं होगा. एनसीआरटीसी के अनुसार सुबह से शाम 5 बजे तक ट्रेन सेवा बंद रहेगी. आम दिनों में यह सेवा सुबह 6 बजे से शुरू हो जाती है, लेकिन होली पर यात्रियों की संख्या कम रहने की संभावना को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है. शाम 5 बजे से ट्रेन फिर से चलेगी और रात 10 बजे तक सेवा जारी रहेगी. इसलिए जो यात्री सुबह सफर करने की सोच रहे हैं, उन्हें अपनी योजना में बदलाव करना होगा.

दोपहर 2:30 बजे के बाद चलेगी मेट्रो

दिल्ली मेट्रो भी होली के दिन कुछ घंटों के लिए बंद रहेगी. दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (डीएमआरसी) ने बताया है कि दोपहर ढाई बजे तक सभी कॉरिडोर पर मेट्रो सेवा बंद रहेगी. इसके बाद दोपहर 2:30 बजे से मेट्रो का संचालन सामान्य रूप से शुरू कर दिया जाएगा. यह फैसला इसलिए लिया गया है ताकि मेट्रो कर्मचारी भी अपने परिवार के साथ त्योहार मना सकें. यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे इसी समय के अनुसार अपनी यात्रा तय करें.

बस सेवा में भी बदलाव

दिल्ली में डीटीसी बसों की सेवा भी होली के दिन प्रभावित रहेगी. पहली शिफ्ट में बसें नहीं चलेंगी. दोपहर 2 बजे के बाद बसों को सड़कों पर उतारा जाएगा. हालांकि, शुरुआत में केवल 25 प्रतिशत बसें ही चलाई जाएंगी. यदि किसी रूट पर यात्रियों की संख्या ज्यादा रहती है तो जरूरत के अनुसार अतिरिक्त फेरे लगाए जाएंगे. यह व्यवस्था यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा दोनों को ध्यान में रखकर की गई है.

रेलवे की विशेष तैयारी

होली पर घर लौटने वालों की भारी भीड़ को देखते हुए रेलवे ने खास इंतजाम किए हैं. पिछले कुछ दिनों में दिल्ली के विभिन्न स्टेशनों से लगभग 14 लाख यात्रियों ने विशेष ट्रेनों से सफर किया है. उत्तर रेलवे के मुख्य प्रवक्ता हिमांशु शेख उपाध्याय ने बताया कि तीन मार्च को भी 22 विशेष ट्रेनें चलाई जाएंगी. 

इससे पहले रविवार और सोमवार को भी 22-22 स्पेशल ट्रेनें संचालित की गई थीं. स्टेशनों पर सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं ताकि यात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो. पिछले साल की तुलना में इस बार यात्रियों की संख्या में वृद्धि देखी जा रही है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag