SIR अभियान शुरू! 30 जून से BLO की घर-घर यात्रा, हर दिल्लीवासी की वोटर लिस्ट होगी अपडेट

चुनाव आयोग के मुताबिक दिल्ली में अभी 1,48,23,234 रजिस्टर्ड वोटर हैं। इन सबके नाम और पते वेरिफाई करने के लिए 13,026 BLO तैनात किए जा रहे हैं। पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी रखने के लिए राजनीतिक दलों के 28,881 बूथ लेवल एजेंट भी साथ रहेंगे।

Sachin Hari Legha

नई दिल्ली: दिल्ली में वोटर लिस्ट को दुरुस्त करने के लिए विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR अभियान शुरू होने जा रहा है। 30 जून से 29 जुलाई तक बूथ लेवल अधिकारी घर घर जाकर सर्वे करेंगे। मकसद साफ है: कोई भी योग्य नागरिक वोट डालने से छूटे नहीं और लिस्ट में एक भी गलती न रहे।

1.48 करोड़ वोटरों का होगा सत्यापन   

चुनाव आयोग के मुताबिक दिल्ली में अभी 1,48,23,234 रजिस्टर्ड वोटर हैं। इन सबके नाम और पते वेरिफाई करने के लिए 13,026 BLO तैनात किए जा रहे हैं। पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी रखने के लिए राजनीतिक दलों के 28,881 बूथ लेवल एजेंट भी साथ रहेंगे। ये एजेंट सर्वे में मदद करेंगे और निगरानी भी रखेंगे ताकि कोई गड़बड़ी न हो।

5 अगस्त को आएगी ड्राफ्ट लिस्ट   

घर घर सर्वे पूरा होने के बाद 5 अगस्त 2026 को वोटर लिस्ट का ड्राफ्ट जारी किया जाएगा। अगर आपको अपना नाम, पता या किसी जानकारी में गलती लगती है, या किसी नए वोटर का नाम छूट गया है, तो आप 5 अगस्त से 4 सितंबर 2026 तक दावा और आपत्ति दर्ज करा सकते हैं। BLO के पास फॉर्म भरकर या ऑनलाइन पोर्टल पर ये काम होगा।

1 अक्टूबर 2026 है कट-ऑफ डेट   

चुनाव आयोग ने इस बार अर्हता तारीख 1 अक्टूबर 2026 रखी है। यानी जो युवा 1 अक्टूबर 2026 तक 18 साल के हो जाएंगे, वो भी अपना नाम लिस्ट में जुड़वा सकते हैं। सभी आपत्तियों का निपटारा करने के बाद दिल्ली की फाइनल वोटर लिस्ट 7 अक्टूबर 2026 को पब्लिश होगी।

क्यों जरूरी है ये अभियान   

दिल्ली जैसे शहर में लोग अक्सर घर बदलते हैं, नए लोग शिफ्ट होते हैं और युवा 18 साल के होते रहते हैं। ऐसे में लिस्ट अपडेट रखना जरूरी है। BLO आपके घर आकर दस्तावेज चेक करेंगे, इसलिए आधार, निवास प्रमाण और उम्र का प्रूफ तैयार रखें। इस बार आयोग का जोर है कि एक भी पात्र वोटर छूटे नहीं।

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो