महाराष्ट्र: पत्नी के सामने डांट पड़ी तो बेटे ने कर दी मां-बाप की हत्या
महाराष्ट्र के धुले में बेटे ने माता-पिता की बेरहमी से हत्या कर दी. जानकारी के अनुसार यह घटना शुक्रवार दोपहर महावीर सोसायटी में हुई.

महाराष्ट्र: धुले जिले से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है. यहां एक युवक ने मामूली घरेलू विवाद के बाद अपने ही माता-पिता की बेरहमी से हत्या कर दी. बताया जा रहा है कि आरोपी अपने माता-पिता द्वारा पत्नी के सामने डांटे जाने से नाराज था. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार होने की कोशिश कर रहा था, लेकिन स्थानीय लोगों ने उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया.
महावीर सोसायटी की घटना
जानकारी के अनुसार यह घटना शुक्रवार दोपहर महावीर सोसायटी में हुई. मृतक दंपति अपनी बेटी की शादी समारोह से लौटकर उसी दिन घर पहुंचे थे. घर आने के बाद किसी बात को लेकर बेटे और माता-पिता के बीच कहासुनी हो गई. बताया जा रहा है कि माता-पिता ने बहू के सामने बेटे को फटकार लगा दी थी, जिससे वह बेहद नाराज हो गया. इसी बात पर आरोपी का गुस्सा इतना बढ़ गया कि उसने घर में रखा मूसल उठाकर अपने माता-पिता पर हमला कर दिया.
आरोपी ने अपनी मां रांजुदेवी महतो और पिता इंताराम महतो के सिर पर लगातार कई वार किए. अचानक हुए हमले से दोनों गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े. सिर पर गहरी चोट लगने के कारण दोनों की मौके पर ही मौत हो गई. घटना के बाद घर में चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग तुरंत वहां पहुंच गए.
पड़ोसियों ने आरोपी को दबोचा
हत्या के बाद आरोपी बेटा चंदन महतो वहां से भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन पड़ोसियों ने सतर्कता दिखाते हुए उसे पकड़ लिया. लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद शिरपुर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया. पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद जब उससे पूछताछ की गई तो उसके चेहरे पर किसी तरह का पछतावा नजर नहीं आया. प्रारंभिक जांच में मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है. फिलहाल पुलिस हत्या के पीछे के अन्य कारणों और पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है. इस दर्दनाक घटना के बाद इलाके में शोक और भय का माहौल बना हुआ है.


