दिल्ली में शादी के 4 महीने बाद महिला की मौत, पति दहेज के आरोप में गिरफ्तार

दिल्ली में शादी के महज 4 महीने बाद 28 साल की आकृति सुतार की संदिग्ध मौत का मामला सामने आया है। पुलिस ने आकृति के पति अरास्तु सिक्का को दहेज उत्पीड़न के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है।

calender

नई दिल्ली: दिल्ली में शादी के महज 4 महीने बाद 28 साल की आकृति सुतार की संदिग्ध मौत का मामला सामने आया है. पुलिस ने आकृति के पति अरास्तु सिक्का को दहेज उत्पीड़न के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है. शनिवार रात लोधी कॉलोनी की एक सोसाइटी में आकृति का शव मिला था.  

शनिवार को क्या हुआ था?   

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार आकृति छतरपुर की एक प्राइवेट कंपनी में सेल्स एग्जीक्यूटिव थीं. छुट्टी होने के बावजूद वो शनिवार, 04 जुलाई को ऑफिस गई थीं. ऑफिस में उन्होंने साथियों के लिए छोटी सी पार्टी भी रखी थी. रात करीब 9 बजे उनका शव लोधी कॉलोनी की एक रिहायशी सोसाइटी में जमीन पर पड़ा मिला। ये जगह उनके पुष्प विहार स्थित घर से करीब 10 किलोमीटर दूर है। शुरुआती जांच में माना जा रहा है कि वो इमारत से नीचे गिर गई थीं. 

साउथ डिस्ट्रिक्ट के DCP अनंत मित्तल ने बताया कि लोधी कॉलोनी थाने में दहेज के कारण मौत की धाराओं में FIR दर्ज की गई है। पुलिस ने आकृति के पति अरास्तु सिक्का को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया है। अभी पोस्टमार्टम नहीं हुआ है। पुलिस CCTV फुटेज खंगाल रही है ताकि ये पता चल सके कि घटना के समय कौन-कौन वहां मौजूद था।  

परिवार का आरोप: दहेज और धमकी  

आकृति के 24 साल के भाई अमेय सुतार ने हत्या का आरोप लगाया है. उन्होंने आत्महत्या की संभावना से साफ इनकार किया. अमेय का कहना है कि उनकी बहन मानसिक रूप से मजबूत थी और ऑफिस में पार्टी करना डिप्रेशन का संकेत नहीं हो सकता.

परिवार ने पुलिस को बताया कि शादी के बाद से ही अरास्तु और उसके रिश्तेदार 20 लाख रुपये दहेज की मांग कर रहे थे. आकृति को लगातार परेशान और धमकाया जा रहा था. आरोप है कि अरास्तु ने कई बार जान से मारने की धमकी भी दी थी। मौत से दो दिन पहले ही दोनों के बीच तीखी बहस हुई थी.

8 साल का रिश्ता, 4 महीने की शादी  

आकृति और अरास्तु 8 साल से रिलेशनशिप में थे। दोनों ने 24 अप्रैल 2026 को शादी की थी. परिवार के मुताबिक शादी के बाद अरास्तु बेरोजगार हो गए थे और इसी वजह से घर में तनाव बढ़ गया था. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और CCTV फुटेज के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. पुलिस ये भी पता लगा रही है कि आकृति अपने घर से लोधी कॉलोनी की सोसाइटी तक कैसे पहुंचीं और वहां उनके साथ कौन था. First Updated : Monday, 06 July 2026