score Card

दिल्ली वालो हो जाओ सावधान! कड़ाके की ठंड ने दी दस्तक, 3 साल का रिकॉर्ड टूटने वाला है

दिल्ली-एनसीआर में ठंड ने जोरदार एंट्री मार दी है.गुरुवार सुबह से ठिठुरा देने वाली ठंड पड़ने लगी है.आज सुबह दिल्ली का न्यूनतम तापमान 9.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है.

Goldi Rai
Edited By: Goldi Rai

नई दिल्ली: दिल्ली-NCR में इस बार नवंबर की शुरुआत से ही कड़ाके की ठंड ने लोगों को कंपा दिया है. 26 नवंबर को राजधानी दिल्ली का न्यूनतम तापमान 8°C दर्ज किया गया, जो 2022 के बाद नवंबर का सबसे ठंडा दिन साबित हुआ. ठंड से राहत की उम्मीद आज सुबह भी कम ही नजर आई, जब तापमान 9.6°C रहा. जो अब भी सामान्य से लगभग 3 डिग्री कम है.

एनसीआर के अन्य शहरों में भी सर्दी ने पूरी तरह दस्तक दे दी है. गाजियाबाद में न्यूनतम तापमान 7°C तक नीचे चला गया, जबकि नोएडा में आज 8°C और 26 नवंबर को 7.4°C दर्ज किया गया. गुरुग्राम में भी सर्दी का असर साफ रहा और न्यूनतम तापमान 9°C तक पहुंच गया.

दिल्ली में न्यूनतम तापमान सामान्य से कम

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, दिल्ली का न्यूनतम तापमान सामान्य से 3.3 डिग्री नीचे दर्ज किया गया. पिछले कुछ वर्षों में नवंबर में दर्ज तापमान पर नजर डालें तो 2024 में 9.5°C, 2023 में 9.2°C और 2022 में 7.3°C रिकॉर्ड किया गया था.

उत्तर भारत में बढ़ रही ठंड

उत्तर भारत के पहाड़ी और मैदानी इलाकों में भी ठंड का असर तेजी से बढ़ रहा है. जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और हिमाचल प्रदेश के कई हिस्सों में तापमान 6°C से नीचे पहुंच गया है. वहीं राजस्थान के सीकर में मैदानी क्षेत्र का सबसे कम तापमान 4°C दर्ज किया गया. हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और उत्तरी राजस्थान में भी तापमान 7 से 10°C के बीच बना हुआ है.

कोहरा और शीतलहर की चेतावनी

IMD ने 27 से 29 नवंबर के दौरान हिमाचल प्रदेश और मेघालय में घने कोहरे की संभावना जताई है. इसके साथ ही 28 और 29 नवंबर को दिल्ली, चंडीगढ़ और हरियाणा में सुबह घना कोहरा छाने की चेतावनी जारी की गई है. पंजाब में 27 और 28 नवंबर को शीतलहर की स्थिति बनने की भी आशंका है.

दिल्ली में गुरुवार को अधिकतम तापमान 24°C और न्यूनतम 9°C रहने का अनुमान है, जबकि मौसम विभाग ने मध्यम कोहरे की संभावना जताई है.

पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी, मैदानी इलाकों में और बढ़ेगी ठंड

हिमालयी राज्यों जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में लगातार बर्फबारी हो रही है. मौसम विभाग के मुताबिक, दिन का अधिकतम तापमान 24 से 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रहेगा, लेकिन पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी का असर मैदानी इलाकों में भी ठंड बढ़ा सकता है.

दिल्ली की हवा में सुधार, पाबंदियां हटाईं गईं

ठंड के बीच दिल्लीवासियों के लिए एक राहत भरी खबर भी आई है. बुधवार को दिल्ली का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 327 दर्ज किया गया. बीते तीन दिनों में इसमें लगातार गिरावट देखने को मिली है. इसी सुधार के चलते GRAP-3 के तहत लागू की गई पाबंदियां हटा दी गई हैं.

calender
27 November 2025, 07:34 AM IST

जरूरी खबरें

ट्रेंडिंग गैलरी

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag