मुंबई के दहिसर में 24 मंजिला रिहायशी बिल्डिंग में भीषण आग, 1 महिला की मौत, 18 घायल

मुंबई के दहिसर में हाई-राइज इमारत की 24वीं मंजिल पर भीषण आग लगी, जिसमें एक महिला की मौत और कई लोग घायल हुए. दमकल विभाग और पुलिस की त्वरित कार्रवाई से 36 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया.

Simran Sachdeva

Mumbai news: मुंबई के दहिसर में आज दोपहर लगभग 3 बजे एक हाई-राइज इमारत की 24वीं मंजिल पर भीषण आग लग गई, जिससे वहां मौजूद लोगों में अफरातफरी मच गई. आग लगते ही लोगों ने फायर ब्रिगेड और पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद मौके पर तुरंत 7 फायर टेंडर भेजे गए और रेस्क्यू अभियान शुरू कर दिया गया.

बताया जा रहा है कि इस हादसे में एक महिला की मौत हो गई है और कुछ लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं. मुंबई नगर निगम की म्युनिसिपल फायर ब्रिगेड (MFB) ने बताया कि आग पर लगभग तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद शाम 6 बजकर 10 मिनट पर पूरी तरह काबू पा लिया गया.

रेस्क्यू और घायल

आग लगने के बाद कुल 36 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया, जिसमें पुरुष, महिलाएं और बच्चे शामिल हैं. इन घायलों को पास के प्राइवेट अस्पतालों में भर्ती कराया गया. रोहित अस्पताल में एक महिला की मौत हो गई, वहीं एक अपंग लड़की की हालत गंभीर बताई जा रही है. अन्य पांच घायलों का इलाज जारी है. नॉर्दन केयर अस्पताल में 10 लोग भर्ती हैं, जिसमें चार साल का बच्चा गंभीर स्थिति में है. प्रगति और शताब्दी अस्पताल में एक-एक व्यक्ति का इलाज चल रहा है.

बता दें कि दमकल विभाग ने मौके पर आग बुझाने के लिए 7 फायर इंजन, 3 जम्बो टैंकर, 2 ऑटो वाटर टैंकर, 1 ब्रेथिंग अपरेट्स वैन, 1 हाई प्रेशर पंप, 1 ALP, 1 टर्नटेबल लैडर, 1 HRFFV और 1 WQRV सहित कई गाड़ियां तैनात की और तुरंत आग पर काबू पाने का काम शुरू किया. 

पुलिस और अधिकारियों की कार्रवाई

दहिसर पुलिस सभी अस्पतालों से घायलों की पूरी जानकारी जुटा रही है ताकि उनकी सुरक्षा और उपचार सुनिश्चित किया जा सके. अधिकारियों ने आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी है. उन्होंने कहा कि घायलों की देखभाल पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है. 

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag