150 की रफ्तार, हाथ में मोबाइल…डिवाइडर से टकराकर पलटी कार, दो दोस्तों की मौत

गुजरात के जेतपुर में तेज रफ्तार कार चलाते हुए इंस्टाग्राम पर वीडियो बना रहे तीन दोस्तों की कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई. हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल है.

Shraddha Mishra

सोशल मीडिया के लिए वीडियो बनाना कई बार कितना खतरनाक साबित हो सकता है, इसका दर्दनाक उदाहरण गुजरात के जेतपुर में देखने को मिला. यहां तेज रफ्तार से कार चलाते हुए इंस्टाग्राम पर वीडियो बना रहे तीन दोस्तों की कार भयानक दुर्घटना का शिकार हो गई. इस हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल है. बताया जा रहा है कि दुर्घटना से कुछ ही मिनट पहले युवकों ने तेज रफ्तार कार चलाते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट किया था.

मिली जानकारी के अनुसार, यह हादसा शनिवार को जेतपुर इलाके में हुआ. तीन दोस्त एक सेडान कार में सफर कर रहे थे, जिसे अवध तिवारी चला रहे थे. कार हुंडई वरना बताई जा रही है. रिपोर्ट के मुताबिक, कार की रफ्तार करीब 120 किलोमीटर प्रति घंटा थी. वहीं, प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि दुर्घटना के समय कार लगभग 150 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ रही थी. इतनी तेज गति के कारण चालक कार पर नियंत्रण नहीं रख सका और वाहन सीधे सड़क के डिवाइडर से जा टकराया.

टक्कर के बाद पलट गई कार

टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार डिवाइडर से टकराने के बाद पलट गई और हवा में उछलकर सड़क पर गिर गई. दुर्घटना के बाद कार पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई. आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत घायलों की मदद की और उन्हें अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की.

रील बनाते समय चला रहे थे कार

हादसे से पहले बनाए गए वीडियो से यह भी पता चला है कि चालक कार चलाते हुए मोबाइल से वीडियो बना रहा था. एक वीडियो में देखा गया कि अवध तिवारी अपने एक हाथ से स्टीयरिंग पकड़े हुए थे और दूसरे हाथ से मोबाइल फोन से रील रिकॉर्ड कर रहे थे. कार की पिछली सीट पर बैठा एक दोस्त भी इस दौरान वीडियो शूट कर रहा था. 

दो युवकों की मौत, एक गंभीर

कार में कुल तीन दोस्त सवार थे. इनमें 20 वर्षीय अवध अरविंदभाई तिवारी को गंभीर चोटें आईं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई. वहीं, देवराज जयेशभाई गोसाई और अक्षय प्रवीणभाई वाघेला भी हादसे में बुरी तरह घायल हो गए. घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन इलाज के दौरान देवराज गोसाई ने भी दम तोड़ दिया. तीसरे युवक अक्षय वाघेला की हालत अभी भी गंभीर बताई जा रही है और उनका इलाज जारी है.

हादसे से पहले इंस्टाग्राम पर डाली थी स्टोरी

जानकारी के मुताबिक, अवध तिवारी सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय थे. उनके इंस्टाग्राम अकाउंट पर करीब 3,500 से ज्यादा फॉलोअर्स थे. वह अक्सर अलग-अलग कारों के साथ अपनी तस्वीरें और वीडियो साझा करते थे. बताया जा रहा है कि हादसे से कुछ ही समय पहले उन्होंने इंस्टाग्राम पर एक स्टोरी पोस्ट की थी, जिसमें तेज रफ्तार से कार चलाते हुए वीडियो दिखाई दे रहा था. लेकिन स्टोरी पोस्ट होने के कुछ ही मिनटों के भीतर सब कुछ बदल गया और खुशियों का पल अचानक मातम में बदल गया.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो