एक सेकंड की देरी और चली जाती जान! गेट खुलाते ही चल पड़ी लिफ्ट, CCTV में कैद हुई पूरी घटना

गुजरात के वलसाड में एक रिहायशी इमारत की लिफ्ट अचानक तेज़ी से ऊपर चली गई, जब एक व्यक्ति उससे बाहर निकल रहा था. हादसा सीसीटीवी में कैद हुआ. व्यक्ति घायल हुआ है, घटना ने लिफ्ट सुरक्षा पर सवाल खड़े किए हैं.

Shraddha Mishra

वलसाड: गुजरात के वलसाड शहर से एक ऐसा हादसा सामने आया है, जिसने लोगों को झकझोर कर रख दिया है. एक रिहायशी इमारत में लिफ्ट अचानक तेज रफ्तार से ऊपर चली गई, ठीक उसी समय जब एक व्यक्ति उससे बाहर निकल रहा था. कुछ सेकंड की देरी होती तो यह घटना जानलेवा साबित हो सकती थी. इस पूरी घटना का सीसीटीवी वीडियो अब सामने आया है, जिसे देखकर किसी के भी रोंगटे खड़े हो जाएं.

अचानक हुआ हादसा, बाल-बाल बची जान

यह घटना वलसाड के सरदार हाईट्स (गुजरात हाउसिंग बोर्ड संकुल) की साबरमती बिल्डिंग में सुबह के समय हुई. सीसीटीवी फुटेज में दिख रहा है कि इमारत में रहने वाले वत्सलभाई पंचाल लिफ्ट से बाहर निकल रहे थे. उन्होंने जैसे ही एक पैर बाहर रखा और शरीर को बाहर लाने की कोशिश की, उसी क्षण लिफ्ट तेज गति से ऊपर की ओर चल पड़ी.

लिफ्ट की अचानक हुई इस हरकत से उनका संतुलन बिगड़ गया और वे बाहर की तरफ जोर से गिर पड़े. वीडियो में साफ दिखाई देता है कि यह सब कुछ पलक झपकते ही हो गया. यदि वे कुछ और सेकंड तक लिफ्ट के भीतर रहते, तो संभव था कि वे लिफ्ट और दीवार के बीच फंस जाते, जिससे गंभीर हादसा हो सकता था.

सीसीटीवी फुटेज आया सामने

घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. लोग इसे देखकर हैरान हैं कि आखिर ऐसी तकनीकी चूक कैसे हो सकती है. फुटेज से यह अंदाजा लगाया जा सकता है कि लिफ्ट में कोई गंभीर तकनीकी खराबी थी या सुरक्षा प्रणाली ने सही तरीके से काम नहीं किया. रिहायशी इमारतों में लिफ्ट रोजमर्रा की जरूरत बन चुकी है. ऐसे में इस तरह की घटना लोगों के मन में डर पैदा कर रही है.

चमत्कार से कम नहीं!

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, वत्सलभाई पंचाल को इस हादसे में अंदरूनी चोटें आई हैं. हालांकि, राहत की बात यह है कि उनकी जान को कोई खतरा नहीं बताया जा रहा है. डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज जारी है. परिजन और निवासी इसे किसी चमत्कार से कम नहीं मान रहे हैं कि इतनी बड़ी दुर्घटना के बावजूद वे सुरक्षित बच गए.

लिफ्ट सुरक्षा पर उठे सवाल

इस घटना के बाद इमारत में लिफ्ट के रखरखाव और नियमित जांच को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं. क्या लिफ्ट की समय-समय पर सर्विसिंग हो रही थी? क्या सुरक्षा सेंसर सही तरीके से काम कर रहे थे? इन सवालों के जवाब अब जांच के बाद ही सामने आएंगे. बहुमंजिला इमारतों में लिफ्ट की नियमित जांच बेहद जरूरी है. छोटी सी लापरवाही भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag