PM मोदी ने विपक्ष को बताया ‘राजनीतिक गिद्ध’, पश्चिम एशिया संकट पर प्रधानमंत्री का बड़ा बयान
पीएम मोदी ने गुजरात के कोबा में 'सम्राट संप्रति संग्रहालय' का उद्घाटन किया. इस दौरान उन्होंने जनता को संबोधन करते हुए कई बड़े वादे किए. साथ ही कांग्रेस पर उन्होंने जमकर निशाना साधा.

अहमदाबाद: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात के कोबा में 'सम्राट संप्रति संग्रहालय' का उद्घाटन किया. यह संग्रहालय जैन विरासत और अहिंसा के सिद्धांत को समर्पित है. उद्घाटन के बाद पीएम मोदी ने एक जनसभा को भी संबोधित किया, जिसमें उन्होंने भारत की स्थिति पर बात की.
जैन विरासत का संरक्षण
पीएम मोदी ने कहा कि पिछली सरकारों ने कीमती पांडुलिपियों और जैन विरासत की उपेक्षा की थी. अब हम उन गलतियों को सुधार रहे हैं. उन्होंने कहा कि यह संग्रहालय जैन संस्कृति और अहिंसा के मूल्यों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने में मदद करेगा.
गुजरात के विकास पर जोर
प्रधानमंत्री ने गुजरात में हुए विकास कार्यों का जिक्र करते हुए कहा कि हमने गांव-गांव को अच्छी सड़कों से जोड़ा है. हाई स्पीड हाइवेज और वंदे भारत जैसी आधुनिक ट्रेनों की सुविधा भी गुजरात को मिल रही है.
उन्होंने बताया कि केंद्र और राज्य सरकार मिलकर इस इलाके में करीब 20 हजार करोड़ रुपये की नई परियोजनाएं शुरू कर रही हैं. इन परियोजनाओं से पूरे क्षेत्र का विकास होगा और लोगों के जीवन में नई गति आएगी.
पश्चिम एशिया संकट पर पीएम का बयान
रैली को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने पश्चिम एशिया के मौजूदा हालात पर भी बात की. उन्होंने कहा, “भारत ने स्थिति को अच्छे से संभाला है, लेकिन विपक्ष अराजकता फैलाने में लगा हुआ है.”
पीएम मोदी ने कहा कि पश्चिम एशिया में जारी तनाव से कई देशों में ईंधन की कीमतें बढ़ गई है, लेकिन भारत सरकार ने लोगों पर इस बोझ को नहीं डाला. हमने ईंधन की कीमतें नहीं बढ़ाई.
कांग्रेस पर साधा निशाना
प्रधानमंत्री ने कांग्रेस पर तीखा हमला करते हुए कहा कि कांग्रेस 'राजनीतिक गिद्ध' की तरह इंतजार कर रही है. वे पश्चिम एशिया युद्ध से पैदा हुई मुश्किल स्थिति का फायदा उठाकर राजनीतिक लाभ कमाना चाहते हैं.
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस लोगों को भड़काकर पेट्रोल पंपों पर लंबी लाइनें लगवाने और अशांति फैलाने की कोशिश कर रही है, लेकिन भारत किसी भी संकट का सामना करने में पूरी तरह सक्षम है.
नवीकरणीय ऊर्जा पर जोर
पीएम मोदी ने यह भी कहा कि भारत नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में जल्द ही दुनिया का लीडर बनकर उभरेगा. इस मौके पर उन्होंने गुजरात की जनता को विकास के नए वादे भी किए.


