दक्षिण में दिन, उत्तर में रात, आखिर क्या है शादी के समय का राज?
दक्षिण भारत में शादियां वैदिक परंपरा के अनुसार दिन में होती हैं, ताकि सूर्य देव भी साक्षी बनें. वहीं उत्तर भारत में रात की शादी ऐतिहासिक कारणों से शुरू हुई, जब सुरक्षा के लिए अंधेरे में विवाह किए जाते थे.

भारतीय संस्कृति में विवाह सिर्फ एक सामाजिक आयोजन नहीं, बल्कि परंपराओं और मान्यताओं का जीवंत रूप होता है. देश के अलग-अलग हिस्सों में शादी के तरीके, रस्में और समय भी भिन्न होते हैं. जहां एक ओर शादियों में संगीत, नृत्य और रोशनी का भव्य आयोजन होता है. वहीं, दूसरी ओर कई ऐसी परंपराएं भी निभाई जाती हैं, जिनके पीछे गहरी ऐतिहासिक और धार्मिक वजहें छिपी हैं. इन्हीं में से एक दिलचस्प अंतर है- उत्तर भारत और दक्षिण भारत में शादी के समय का.
दक्षिण भारत में विवाह की मुख्य रस्में दिन में क्यों?
अक्सर देखा जाता है कि उत्तर भारत में ज्यादातर शादियां रात के समय आयोजित की जाती हैं, जबकि दक्षिण भारत में आज भी विवाह की मुख्य रस्में दिन में पूरी की जाती हैं. इस भिन्नता के पीछे केवल परंपरा ही नहीं, बल्कि शास्त्रीय मान्यताएं और ऐतिहासिक परिस्थितियां भी जिम्मेदार हैं.
वैदिक ग्रंथों के अनुसार, विवाह जैसे पवित्र संस्कार को दिन के उजाले में संपन्न करना श्रेष्ठ माना गया है. मान्यता है कि जब वर-वधू सात फेरे लेते हैं, तब अग्नि देव के साथ सूर्य देव को भी साक्षी होना चाहिए. सूर्य दिन में ही उपस्थित होते हैं. इसलिए दिन के समय किया गया विवाह अधिक शुभ और पवित्र माना जाता है. दक्षिण भारत में आज भी इस परंपरा का पालन किया जाता है. वहां शादियां प्रायः सूर्योदय के बाद निर्धारित शुभ मुहूर्त में होती हैं और दिन के समय ही सभी मुख्य रस्में पूरी की जाती हैं.
उत्तर भारत में रात में क्यों होता है विवाह?
इसके विपरीत, उत्तर भारत में रात के समय विवाह होने की परंपरा का संबंध धार्मिक नियमों से कम और ऐतिहासिक परिस्थितियों से अधिक जुड़ा हुआ है. माना जाता है कि मध्यकाल में इस क्षेत्र में डाकुओं और बाहरी आक्रमणों का खतरा काफी ज्यादा रहता था. ऐसे में परिवार अपनी बेटियों और संपत्ति की सुरक्षा को लेकर चिंतित रहते थे. इसी कारण लोगों ने रात के समय विवाह करना शुरू किया, ताकि आयोजन गुप्त रहे और किसी प्रकार की बाधा या हमला न हो सके.
यही वजह है कि बारात को भी केवल उत्सव का हिस्सा नहीं, बल्कि सुरक्षा का प्रतीक माना जाता था. दूल्हे के साथ चलने वाले लोग किसी भी संभावित खतरे से निपटने के लिए तैयार रहते थे. समय के साथ यह प्रथा एक परंपरा में बदल गई और आज भी उत्तर भारत में रात की शादियां आम हैं.


