हनुमान जन्मोत्सव पर घर में स्थापित करें पंचमुखी बजरंगबली की प्रतिमा, पूरी होंगी मनोकामनाएं, दूर होंगे वास्तु दोष
हनुमान जी की पंचमुखी तस्वीर या मूर्ति को घर में स्थापित करना अत्यंत शुभ माना जाता है. हनुमान जन्मोत्सव पर इसे घर लाने से न सिर्फ आपकी मनोकामनाएं पूरी होती हैं, बल्कि वास्तु दोष भी दूर हो जाता है.

हनुमान जन्मोत्सव का पावन अवसर भक्तों के लिए बेहद खास होता है. इस दिन हनुमान जी की पंचमुखी तस्वीर या मूर्ति को घर में स्थापित करने से विशेष फल की प्राप्ति मानी जाती है. साल 2026 में 2 अप्रैल को हनुमान जन्मोत्सव मनाया जाएगा. यदि आप सही विधि से पंचमुखी हनुमान जी की तस्वीर स्थापित करते हैं तो मनोकामनाएं पूरी होने के साथ-साथ वास्तु दोष और मंगल दोष से भी मुक्ति मिल सकती है.हनुमान जी की पंचमुखी स्वरूप में पांच मुख दर्शाए जाते हैं जो विभिन्न दिशाओं की रक्षा और शक्तियों का प्रतीक माने जाते हैं. इस पावन अवसर पर घर में उनकी तस्वीर लगाने से सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है और परिवार में सुख-शांति बनी रहती है.
पंचमुखी हनुमान जी की तस्वीर स्थापित करने की विधि
हनुमान जन्मोत्सव के दिन पंचमुखी हनुमान जी की तस्वीर या मूर्ति को घर लाएं. आप जन्मोत्सव से पहले भी तस्वीर घर ला सकते हैं लेकिन स्थापना अवश्य हनुमान जन्मोत्सव के दिन ही करें. हनुमान जन्मोत्सव के दिन सुबह जल्दी उठकर स्नान ध्यान करें और पीले या लाल रंग के वस्त्र धारण करें. इसके बाद हनुमान जी की तस्वीर को पूजा स्थल पर रखकर सबसे पहले इसकी पूजा करें, हनुमान चालीसा का पाठ करें और गंगाजल से तस्वीर को शुद्ध करें.
फिर जिस स्थान पर आप हनुमान जी की पंचमुखी तस्वीर लगाना चाहते हैं उस स्थान को भी गंगाजल से शुद्ध करें. हनुमान जी की तस्वीर को उत्तर-पूर्व दिशा में लगाना बेहद शुभ माना जाता है. अब सही स्थान पर पंचमुखी हनुमान जी की तस्वीर को स्थापित करके धूप-दीप दिखाकर इसकी पूजा करें. फल-फूल आदि हनुमान जी को अर्पित करें.
घर में हनुमान जी की तस्वीर को इतनी ऊंचाई पर लगाएं कि आसानी से आपकी नजर उस तस्वीर पर पड़े. ऐसा करने से जब भी आप हनुमान जी की तस्वीर को देखते हैं तो सकारात्मक ऊर्जा आपको प्राप्त होती है.
पंचमुखी तस्वीर घर में लगाने के लाभ
अगर आप घर में पंचमुखी हनुमान जी की तस्वीर लगाते हैं तो आपको वास्तु दोष से मुक्ति मिलती है. इसके साथ ही घर में नकारात्मक ऊर्जा भी प्रवेश नहीं कर पाती. शनि और मंगल दोष भी हनुमान जी की कृपा से दूर होते हैं और घर में सुख-समृद्धि आती है. हनुमान जी बल, बुद्धि और भक्ति प्रदान करने वाले हैं. इसलिए इनकी तस्वीर घर में लगाने से आपको भी बौद्धिक और शारीरिक शक्ति मिलती है. हालांकि इस बात का ध्यान रखें की पंचमुखी तस्वीर को लगाने के बाद नियमित या फिर हर मंगलवार को इसकी पूजा अवश्य करें.
Disclaimer: ये धार्मिक मान्यताओं पर आधारित है, JBT इसकी पुष्टि नहीं करता.


