सूरत के एक इमारत में लगी भीषण आग, एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत
गुजरात के सूरत शहर में एक रिहायशी इमारत में अचानक भीषण आग लग गई. इस हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई.

गुजरात के सूरत शहर से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है, जिसने पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ा दी. लिंबायत क्षेत्र में मीठी खाड़ी के पास स्थित एक रिहायशी इमारत में अचानक भीषण आग लग गई. इस हादसे में एक मासूम बच्चे सहित कुल पांच लोग गंभीर रूप से झुलस गए. सभी घायलों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके और पांचों की मौत हो गई.
जानकारी के मुताबिक, आग एक घर में अचानक भड़क उठी, जिससे वहां मौजूद लोग इसकी चपेट में आ गए. आग लगते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई और चारों ओर धुएं का गुबार फैल गया. स्थानीय लोगों ने तुरंत दमकल विभाग को सूचना दी, जिसके बाद फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. साथ ही, झुलसे हुए लोगों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया.
मृतकों की हुई पहचान
मृतकों की पहचान शाहनाज़ बेगम (65), हुसा बेगम (18), शुभान (4), शबीना (28) और परवीन (19) के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि ये सभी एक ही परिवार के सदस्य थे और साड़ी बनाने का काम करते थे.
प्रारंभिक जांच में घर के अंदर भारी मात्रा में साड़ियां बरामद हुई हैं. आशंका जताई जा रही है कि घर में बड़ी मात्रा में कपड़ा होने की वजह से आग तेजी से फैल गई. अधिकारियों के अनुसार, जिस कमरे में आग लगी, वहां इतनी ज्यादा साड़ियां रखी थीं कि चलने-फिरने तक की जगह नहीं बची थी.
अधिकारियों ने क्या बताया?
पूर्व मेयर दक्षेशभाई मावाणी समेत पुलिस और दमकल विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया. अधिकारियों ने बताया कि इस घटना में मौत का कारण आग से ज्यादा धुएं के कारण दम घुटना हो सकता है. फिलहाल आग लगने के सटीक कारणों की जांच की जा रही है.
इस हादसे के बाद प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अपने घरों में ज्वलनशील सामान का अत्यधिक भंडारण न करें, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके.


