West Bengal Election 2026: BJP की चौथी लिस्ट जारी, 13 उम्मीदवारों के नाम घोषित, मैनागुड़ी सीट पर बदलाव

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के लिए बीजेपी ने 13 उम्मीदवारों की चौथी सूची जारी कर दी है. इसके साथ ही पार्टी ने मैनागुड़ी सीट पर उम्मीदवार बदलकर बड़ा रणनीतिक कदम उठाया है.

Yogita Pandey
Edited By: Yogita Pandey

नई दिल्ली: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है. भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने अपनी चौथी उम्मीदवार सूची जारी करते हुए 13 सीटों पर उम्मीदवारों के नामों का ऐलान किया है. इसके साथ ही पार्टी ने पहले घोषित एक उम्मीदवार में बदलाव भी किया है, जिससे चुनावी समीकरणों में हलचल देखने को मिल रही है.

इस नई सूची में जहां कई नए चेहरों को मौका दिया गया है, वहीं मैनागुड़ी (अनुसूचित जाति) सीट से उम्मीदवार बदलकर पार्टी ने बड़ा फैसला लिया है. अब इस सीट से दालिम रॉय को टिकट दिया गया है, जो पहले घोषित उम्मीदवार की जगह चुनाव मैदान में उतरेंगे.

इन सीटों पर उम्मीदवारों का ऐलान

BJP की चौथी सूची में कई अहम सीटों पर उम्मीदवारों के नाम घोषित किए गए हैं. पार्टी ने सिताई से आशुतोष वर्मा, नटाबाड़ी से गिरिजा शंकर रॉय, बागदा से सोमा ठाकुर और मगराहाट पूर्व से उत्तम कुमार बनिक को टिकट दिया है.

इसके अलावा फाल्टा से देबांगशु पांडा, सोनारपुर उत्तर से देबाशीष पाठक, हावड़ा दक्षिण से श्यामल हाती और पंचला सीट से रंजन कुमार पॉल को उम्मीदवार बनाया गया है. वहीं चंडीपुर से पीयूष कांति दास, गारबेटा से प्रदीप लोढ़ा, मेमारी से मानव गुहा और बाराबनी से अरिजीत रॉय को भी मैदान में उतारा गया है.

paschim bengal candiddate list
paschim bengal candiddate list social media

मैनागुड़ी सीट पर उम्मीदवार बदला

पार्टी ने दूसरी सूची में घोषित मैनागुड़ी (SC) सीट के उम्मीदवार को बदलते हुए दालिम रॉय को नया उम्मीदवार घोषित किया है. इस बदलाव को चुनावी रणनीति के तहत अहम माना जा रहा है.

सोमा ठाकुर और संतोष पाठक को भी टिकट

केंद्रीय राज्य मंत्री शांतनु ठाकुर की पत्नी सोमा ठाकुर को उत्तर 24 परगना जिले की बागदा सीट से उम्मीदवार बनाया गया है. वहीं हाल ही में कांग्रेस छोड़कर BJP में शामिल हुए संतोष पाठक को कोलकाता के चौरंगी विधानसभा क्षेत्र से टिकट दिया गया है.

चुनावी तारीखें और बढ़ता सियासी तापमान

पश्चिम बंगाल की 294 सदस्यीय विधानसभा के लिए मतदान दो चरणों में 23 और 29 अप्रैल को कराया जाएगा. वहीं मतगणना 4 मई को होगी.

चुनाव की तारीखों के ऐलान के साथ ही राज्य में राजनीतिक माहौल गरमा गया है. सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है, जबकि चुनावी रैलियों और प्रचार अभियान ने भी जोर पकड़ लिया है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो