गुरुग्राम: दिल्ली से सटे गुरुग्राम में एक बार फिर तेज रफ्तार वाहन का कहर देखने को मिला है. पटौदी थाना क्षेत्र के लोकरा गांव के पास शुक्रवार रात हुए एक भीषण सड़क हादसे में एक बुजुर्ग और उसके दो नातियों की मौके पर ही मौत हो गई. इस घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है.
हादसे की भयावहता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि यह पूरी घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई. पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की जांच जारी है.
सीसीटीवी फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि सुभाष अपने दोनों नातियों के साथ सड़क किनारे चल रहे थे. इसी दौरान वह कुछ देर के लिए रुकते हैं और फिर घर की ओर बढ़ने लगते हैं.
तभी अचानक तेज रफ्तार थार कार वहां पहुंचती है और तीनों को जोरदार टक्कर मारते हुए निकल जाती है. टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों को संभलने का मौका तक नहीं मिला.
पुलिस को दी गई शिकायत में सलीम ने बताया कि उसके भाई सुभाष (60) गांव में रहते थे. छुट्टियों के कारण उनके नाती इशांत उर्फ सुल्तान (10) और जैद खान (8) अपने नाना के घर आए हुए थे.
शुक्रवार रात सुभाष दोनों बच्चों को लेकर सलीम के घर गए थे. रात करीब साढ़े दस बजे जब वे वापस लौट रहे थे, तभी यह हादसा हुआ.
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सुभाष और दोनों बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई. हादसे के बाद आरोपी चालक अपनी थार गाड़ी मौके पर छोड़कर फरार हो गया.
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया.
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया है. उसकी पहचान दीपांशु (25), निवासी गांव गोरियावास, जिला गुरुग्राम के रूप में हुई है.
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त थार गाड़ी को भी कब्जे में ले लिया है और मामले की जांच की जा रही है. First Updated : Sunday, 29 March 2026