Rain Alert: दिल्ली-UP से जम्मू तक ओलावृष्टि का अलर्ट, 15 अप्रैल के बाद बढ़ेगा भीषण गर्मी का प्रकोप

उत्तर भारत में मौसम ने अचानक करवट ली है. दिल्ली-एनसीआर, यूपी से लेकर जम्मू तक बारिश, तेज हवाएं और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी है, जबकि 15 अप्रैल के बाद भीषण गर्मी का दौर शुरू होने के संकेत मिल रहे हैं.

Yogita Pandey
Edited By: Yogita Pandey

नई दिल्ली: अप्रैल का महीना इस बार उत्तर भारत में बदलते मौसम का अनोखा रूप दिखा रहा है. कहीं तेज गर्मी से राहत मिल रही है तो कहीं अचानक बारिश और ओलावृष्टि किसानों के लिए परेशानी बन रही है. मौसम का यह उतार-चढ़ाव लोगों के लिए राहत और चुनौती दोनों लेकर आया है.

मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में दिल्ली-एनसीआर समेत कई राज्यों में फिर से बारिश और ओले गिरने की चेतावनी जारी की है. वहीं, 15 अप्रैल के बाद तापमान में तेजी से बढ़ोतरी के संकेत भी दिए गए हैं, जिससे गर्मी का असर और तेज हो सकता है.

दिल्ली-एनसीआर में फिर बदलेगा मौसम

दिल्ली में मार्च से ही मौसम सुहावना बना हुआ है. बीच-बीच में हुई बारिश और तेज हवाओं ने न सिर्फ गर्मी को कम किया, बल्कि प्रदूषण के स्तर को भी नियंत्रित रखा है. 7 अप्रैल को राजधानी में आंधी और गरज-चमक के साथ हल्की बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है.

तापमान की बात करें तो अधिकतम तापमान 33 से 35 डिग्री और न्यूनतम 17 से 19 डिग्री के बीच रहेगा, जबकि बारिश के दिन न्यूनतम तापमान बढ़कर 21 डिग्री तक जा सकता है.

कई राज्यों में ओलावृष्टि का खतरा

मौसम विभाग के अनुसार, एक मजबूत पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने जा रहा है, जो 7 से 9 अप्रैल के बीच बड़े पैमाने पर असर दिखाएगा. राजस्थान, हरियाणा, पंजाब, उत्तराखंड, जम्मू, पश्चिम यूपी, बिहार और झारखंड सहित कई राज्यों में तेज बारिश और ओलावृष्टि की संभावना है.

यह सिस्टम देश के करीब 30 से 40 प्रतिशत हिस्से को प्रभावित कर सकता है.

राजस्थान और यूपी में तेज असर

राजस्थान में 6 अप्रैल से मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा. कई क्षेत्रों में 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, साथ ही बारिश और ओले भी गिर सकते हैं.

वहीं उत्तर प्रदेश के लखनऊ, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, अलीगढ़, कानपुर समेत कई जिलों में 6 से 8 अप्रैल तक बारिश और ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की गई है.

पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी और अलर्ट

जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में मौसम और ज्यादा गंभीर बना हुआ है. ऊंचाई वाले इलाकों में भारी बर्फबारी दर्ज की गई है. हिमाचल प्रदेश के कुछ जिलों में ओलावृष्टि, आंधी और बिजली गिरने को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है.
उत्तराखंड में भी अगले कुछ दिनों तक खराब मौसम बना रहने की संभावना है.

15 अप्रैल के बाद बढ़ेगी गर्मी

बारिश और ठंडे मौसम के बाद अब गर्मी भी अपने तेवर दिखाने को तैयार है. मौसम विभाग के अनुसार, 15 अप्रैल के बाद तापमान तेजी से बढ़ेगा और महीने के अंत तक लू चलने की संभावना है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो